जालंधर | अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर एक 14 साल की बच्ची से रेप करने के आरोपी तरुण वासी लम्मा पिंड के चक्क हुसैना को पुलिस जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। उससे मामले को लेकर पूछताछ की गई। जिसमें आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। आरोपी के उस मोबाइल फोन को बरामद किया गया है। जिससे उसने पीड़िता की अश्लील फोटो खींची थी। आरोपी ने माना कि जब उसे पता चला कि बच्ची की फैमिली को मालूम हो गया तो उसने फोटो डिलीट कर दिए थे। एसएचओ जसपाल सिंह का कहना है कि मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस केस की जल्द जांच पूरी कर कोर्ट में चार्जशीट फाइल कर देगी। बता दें कि 23 फरवरी को थाना रामामंडी में रेप, जान से मारने की धमकी और पॉक्सो के तहत केस दर्ज कर तरुण को आरोपी बनाया गया था। आरोपी पहले ही अमन शांति भंग करने के केस में जेल में है। उसे पीड़िता की फैमिली की शिकायत पर जेल भेजा गया था। बच्ची की मां ने पुलिस को बयान दिया था कि बेटी 2 महीने से चुप और डरी थी। पहले बेटी ने कुछ नहीं बताया, लेकिन पता चला था कि तरुण ने कोई हरकत की है। इस बात को लेकर तरुण से विवाद हो गया था तो उसके खिलाफ शिकायत कर दी थी। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था। मां ने कहा कि अब बेटी ने बताया कि दो महीने पहले तरुण उसे अपने घर ले गया था। उसके साथ रेप कर उसके फोटो खींच लिए थे। उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी और कहा था कि अगर रेप वाली बात किसी को बताई तो वह उसी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।