15 साल की लड़की ने बच्चे को जन्म दिया:करनाल में चाचा ने रेप किया, पेट में दर्द होने पर मां को बताया; आरोपी गिरफ्तार

हरियाणा के करनाल में रेप पीड़ित 15 साल की लड़की ने बच्चे को जन्म दिया। बच्चे की कमर पर फोड़ा होने के कारण उसे चंडीगढ़ PGI रेफर किया गया है। रेप करने वाला व्यक्ति लड़की का रिश्ते में चाचा लगता है। आरोपी ने 8 महीने पहले घर में लड़की को अकेला देखकर इस घटना को अंजाम दिया था। चाचा की धमकी के कारण लड़की चुप रही। 11 मार्च को पेट में दर्द होने के बाद लड़की ने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद लड़की को करनाल के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां पता चला कि वह गर्भवती है। उसने 13 मार्च को बच्चे को जन्म दिया। लड़की को बेटी हुई है या बेटा, इसका खुलासा नहीं किया गया। असंध महिला थाना पुलिस ने शिकायत पर आरोपी चाचा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। अब सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरी घटना…. 9वीं कक्षा में पढ़ती है पीड़िता लड़की ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह सरकारी स्कूल में 9वीं कक्षा की छात्रा है। उसके परिवार में तीन भाई-बहन हैं और माता-पिता मजदूरी करते हैं। 8 महीने पहले दोपहर में वह घर पर अकेली थी, तभी उसका चाचा अमर घर आया। उसने उसे अकेला पाकर जबरदस्ती की। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी आगे बताया कि जब उसने शोर मचाया, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ गलत काम किया। जाते समय भी उसने किसी को बताने पर मारने की धमकी दी। कुछ दिन बाद अमर दोबारा उनके घर आया। उस समय भी घर पर कोई नहीं था। उसने फिर रेप किया। इस बार भी जाते हुए जान से मारने की धमकी दी। 11 मार्च को पेट में दर्द शुरू हुआ लड़की ने बताया कि इन धमकियों की वजह से वह किसी को कुछ बता नहीं सकी। 11 मार्च को उसके पेट में तेज दर्द शुरू हो गया। तब उसने अपनी मां को सारी बात बताई। दर्द बंद नहीं हुआ तो उसकी मां उसे इलाज के लिए करनाल के सरकारी अस्पताल लेकर आई। अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची। इसके बाद बयान दर्ज किए गए। SHO बोलीं- आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजा असंध महिला पुलिस थाना की SHO सुनीता ने बताया कि आरोपी अमर के खिलाफ घर में घुसकर नाबालिग के साथ गलत काम करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप मे मामला दर्ज किया गया है। 14 मार्च को उसे गिरफ्तार किया। कोर्ट में पेश कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। नाबालिग ने जिस बच्चे को जन्म दिया है, उसको डॉक्टरों ने करनाल से चंडीगढ़ रेफर किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *