पठानकोट में घरोटा-दीनानगर रोड पर गांव भवानी के पास दो बाइकों की आमने-सामने से टक्कर हो गई। एक हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई। जबकि, महिला समेत 2 अन्य घायल हो गए। घायलों में महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। जान गंवाने वाले युवकों की पहचान मिलवां गांव के रहने वाले सौरव और गुरदासपुर के गांव रमवाल के निवासी मनिंदर सिंह के तौर पर हुई है। जबकि, घायल राजिंदर कौर की हालत नाजुक है। कृष्णा नाम के युवक को भी मामूली चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि सौरव पर घर की जिम्मेदारी थी। 4 महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। घरोटा पुलिस मामले की जांच में जुटी है। दोनों युवकों ने मौके पर तोड़ा दम जानकारी के अनुसार, गांव मिलवां का सौरव बाइक पर गांव भवानी की तरफ जा रहा था। जबकि, गांव रमवाल का मनिंदर सिंह दूसरी तरफ से अपनी बाइक पर घरोटा की तरफ आ रहा था। अचानक गांव भवानी के पास सड़क पर एक कुत्ता आ गया, जिससे दोनों बाइकों का संतुलन बिगड़ गया और वे आपस में टकरा गईं। टक्कर होते ही दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान सौरव और मनिंदर सिंह की मौत हो गई। 4 महीने पहले हुई थी सौरव की शादी हादसे में जान गंवाने वाले युवक सौरव की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव के लोग और रिश्तेदार परिवार को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि सौरव का विवाह करीब 4 महीने पहले ही हुआ था। सौरव के कंधों पर था परिवार का बोझ जानकारी के अनुसार, सौरव स्वभाव से बहुत ही मिलनसार, हंसमुख और लोगों की मदद करने वाला नौजवान था। गांव के लोग उसे बहुत पसंद करते थे। सौरव 3 भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार की जिम्मेदारी भी उसी के कंधों पर थी। गांव के लोगों के अनुसार सौरव पहले विदेश भी गया था, लेकिन इन दिनों वह टैक्सी चला कर अपने परिवार का गुजारा कर रहा था। मेहनती और मिलनसार स्वभाव के कारण वह पूरे इलाके में जाना-पहचाना जाता था। पुलिस ने दर्ज किया मामला हादसे के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी। सूचना मिलने के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तब ट्रैफिक को सुचारू किया। इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर सरताज सिंह ने बताया कि पुलिस ने बयान दर्ज कर सेक्शन-174 के तहत कार्रवाई की है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिए गए हैं।