22 साल के युवक की नदी में डूबने से मौत

थापली गांव के पास बहने वाली घग्गर नदी में चंडीगढ़ के 22 साल के युवक की डूबने से मौत हो गई। रामदरबार निवासी अभिषेक अपने 9 दोस्तों के साथ मोरनी घूमने गया था। रास्ते में सभी युवक थापली गांव के नजदीक घग्गर नदी पर रुक गए और नहाने लगे। इसी दौरान अभिषेक अचानक गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। उसके साथियों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। घबराए दोस्तों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से अभिषेक को पानी से बाहर निकाला गया। उसे तुरंत सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पंचकूला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नशा कर लोग नदी में उतर जाते हैं… ग्रामीणों का कहना है कि नदी किनारे नहाने पर रोक के स्पष्ट बोर्ड लगे हुए हैं, लेकिन लोग यहां पिकनिक मनाने और पार्टी करने पहुंच जाते हैं। कई बार लोग नशे की हालत में भी पानी में उतर जाते हैं। इससे ऐसे हादसे बढ़ रहे हैं। हर साल गर्मियों में इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन लोग चेतावनियों को गंभीरता से नहीं लेते। चौकी इंचार्ज जगदीश ने बताया कि युवक के डूबने की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की गई थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *