‘5 बार जब एमपी बना तब गिरिराज आप पैदा लिए’:सदन में केंद्रीय मंत्री पर भड़के पप्पू यादव, कहा- ये मेरे घर पर आकर भूंजा खाते थे

बिहार के दो सांसदों पप्पू यादव और गिरिराज सिंह के बीच संसद में जमकर तू-तू-मैं-मैं हुई। दरअसल, बुधवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर जब पप्पू यादव बोलने लगे, तो गिरिराज ने उन्हें टोक दिया। गिरिराज सिंह के टोकने पर पप्पू यादव बिफर गए। सदन में पप्पू यादव ने गिरिराज सिंह को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि, मैं पांच बार जब सांसद बना तब तो ये पैद लिए थे। यही नहीं उन्होंने संसद में चैलेंज किया कि निर्दलीय चुनाव लड़िए और जीतकर संसद में आइए तब जानूंगा। अपने बेटे सार्थक रंजन के IPL में खेलने पर कहा कि, वो किसी की कृपा से नहीं खेल रहा है। मुलायम सिंह और चंद्रशेखर मुझे प्रोटेक्ट करते थे पप्पू यादव ने बुधवार को लोकसभा में संबोधन के दौरान कहा कि 1990 से 2026 तक बीते 31 सालों से वह संसदीय जीवन में हैं। इस दौरान कई स्पीकर के साथ संवाद करने का अवसर मिला। अविश्वास प्रस्ताव पर उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति के खिलाफ सहमति या अहसमति का सवाल नहीं है। देश के 145 करोड़ लोगों के संघर्ष की आवाज है, जो दुनिया का सबसे ऊंचे सदन में उठती है। मुलायम सिंह और चंद्रशेखर भी हमें प्रोटेक्ट करते थे। पप्पू यादव बोल ही रहे थे तभी गिरिराज ने पप्पू यादव से पूछा कि वह अटलजी के मंत्रिमंडल में कहां थे। इस पर पर पप्पू यादव ने कहा कि हम मंत्रिमंडल में थे, आपको याद नहीं है? फेडरल डेमोक्रेटिक पार्टी मंत्रिमंडल में थी। इसके बाद पप्पू यादव ने गिरिराज सिंह को निशाने पर ले लिया। वो सदन में कहने लगे, ये मेरे घर आकर भूंजा खाते थे। पप्पू यादव कुछ सांसदों का नाम लेकर यह कहने लगे कि, पार्टी के नाम पर जीत मिलती है। चैलेंज देता हूं निर्दलीय लड़ के जीत कर दिखाई। इस पर आसन पर बैठे जगदंबिका पाल ने स्थिति को संभालते हुए दोनों को शांत कराया। उन्होंने पप्पू यादव से अविश्वास प्रस्ताव पर अपनी बात रखने को कहा। फिर सांसद ने अपना आगे का संबोधन दिया। पूर्णिया से निर्दलीय चुनाव जीते हैं पप्पू यादव भाजपा के फायरब्रांड नेता माने जाने वाले गिरिराज सिंह और पप्पू यादव के बीच अक्सर विभिन्न मुद्दों को लेकर जुबानी जंग होती रहती है। पूर्व में बाहुबली रह चुके 58 साल के पप्पू यादव 7 बार लोकसभा के सासंद रह चुके हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में पूर्णिया से कांग्रेस का टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने निर्दलीय मैदान में उतरकर जीत दर्ज की थी। अब जानिए कौन हैं गिरिराज सिंह गिरिराज सिंह (73) अभी बेगूसराय से बीजेपी के सांसद हैं। 2019 में उन्हें पीएम मोदी ने केंद्रीय कैबिनेट में शामिल किया गया था। 2024 में गिरिराज दोबारा मोदी कैबिनेट का हिस्सा बने थे। गिरिराज सिंह पहली बार 2014 में नवादा से भाजपा के सांसद बने थे। इससे पहले वह बिहार सरकार में मंत्री और एमएलसी रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *