मध्यप्रदेश में भोपाल रेलवे स्टेशन पर 31 मार्च की रात हुए हादसे में घायल युवक की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। हमीदिया अस्पताल में शाम करीब 5 बजे उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान सिकंदर के रूप में हुई है, जो बिहार का रहने वाला था। उसकी उम्र 25 से 28 साल के बीच बताई जा रही है। 14 सेकंड का CCTV आया सामने हादसे का 14 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें युवक प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर चलती ट्रेन के साथ चलता नजर आता है। कुछ ही सेकंड में वह कोच के गेट से टकराकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस जाता है। महज 5 सेकंड के भीतर वह 4-5 बार घूमता है और फिर ट्रेन के नीचे की ओर खिंचता हुआ नजरों से ओझल हो जाता है।
चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में बिगड़ा संतुलन
जीआरपी के मुताबिक, युवक चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। हादसे के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन वह बयान देने की स्थिति में नहीं था। भोपाल-इंदौर एक्सप्रेस गुजर रही थी, 40 की स्पीड में हुआ हादसा
घटना रात करीब 11:31 बजे की है, जब 19304 भोपाल-इंदौर एक्सप्रेस स्टेशन से गुजर रही थी। प्रारंभिक आकलन के अनुसार ट्रेन की रफ्तार करीब 40 किमी प्रति घंटा थी। इसी दौरान युवक कई बार ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद 108 एंबुलेंस से उसे हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शी बोला- हाथ टूटा, सिर में गहरी चोट प्रत्यक्षदर्शी हल्के भाई लोधी ने बताया कि हादसे के बाद प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई थी। जीआरपी के कहने पर वह घायल युवक के साथ अस्पताल तक गया। उसका एक हाथ टूट चुका था और सिर में गहरी चोट थी, इसके बावजूद वह सांस ले रहा था। लोधी रात 4 बजे तक अस्पताल में रुके रहे। युवक ने खुद को बिहार का बताया था। कोई आपराधिक साजिश नहीं, जांच जारी जीआरपी एसपी राहुल लोढ़ा के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और प्रारंभिक जांच में किसी तरह की आपराधिक साजिश सामने नहीं आई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।