5 सेकंड में 5 बार ट्रेन-प्लेटफॉर्म के बीच घिसटाया युवक,VIDEO:भोपाल स्टेशन पर बिहार के युवक की मौत; आरा में ट्रेन के आगे कूदा कारोबारी

बिहार के एक युवक की भोपाल जंक्शन पर ट्रेन पकडने की जल्दबाजी में जान चली गई। हादसे का 14 सेकेंड का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें युवक प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर चलती ट्रेन को दौड़कर पकड़ने की कोशिश करता है। इसी दौरान वह गेट से टकराकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस जाता है। महज 5 सेकंड के भीतर वह 4-5 बार घूमता है और फिर ट्रेन के नीचे की ओर घिसटाता हुआ नजरों से ओझल हो जाता है। ये घटना 31 मार्च की है। वीडियो अब सामने आया है। इधर, आरा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को एक कारोबारी ने कर्ज से परेशान होकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की कोशिश की। हालांकि, लोको पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन जब तक रुकती, युवक इंजन में फंसकर कुछ दूर तक घसीटता चला गया। इसका CCTV फुटेज भी सामने आया है। युवक को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सिलसिलेवार तरीके से जानिए दोनों ट्रेन हादसे की पूरी कहानी…. पहले भोपाल स्टेशन पर हुए हादसे की 3 तस्वीरें… भोपाल- ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में पटरी-प्लेटफॉर्म के बीच, इलाज के दौरान मौत GRP के मुताबिक, भोपाल रेलवे स्टेशन पर 31 मार्च की रात करीब 11:31 बजे युवक भोपाल-इंदौर एक्सप्रेस (19304) पर दौड़कर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। उस समय ट्रेन की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा थी। इसी दौरान वह गेट से टकराकर पटरी और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। आस-पास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन महज 5 सेकंड के भीतर वह 4 से 5 बार घिसटता हुआ ट्रेन के नीचे चला गया। गंभीर रूप से घायल उस युवक को तुरंत बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उसे हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार शाम करीब 5 बजे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सिकंदर (25 से 28 साल) के रूप में हुई है। चश्मदीद बोला- हाथ टूटा, सिर में गहरी चोट चश्मदीद लोधी ने बताया हादसे के बाद प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई थी। GRP के कहने पर वह घायल युवक के साथ अस्पताल तक गया। उसका एक हाथ टूट चुका था और सिर में गहरी चोट थी। इसके बावजूद उसकी सांसें चल रही थी। लोधी रात 4 बजे तक अस्पताल में रुके रहे। युवक ने खुद को बिहार का बताया था। GRP SP राहुल लोढ़ा के मुताबिक, CCTV फुटेज और प्रारंभिक जांच में किसी तरह की आपराधिक साजिश सामने नहीं आई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। अब जानिए आरा में ट्रेन के आगे कूदकर जान देने की कोशिश करने वाले की कहानी कर्ज से परेशान था, इनकम टैक्स से 1.80 करोड़ का नोटिस मिला था आरा रेलवे स्टेशन पर कर्ज से परेशान एक युवक ने प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर कोटा–पटना एक्सप्रेस के आगे लेटकर आत्महत्या की कोशिश की। हालांकि, लोको पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। ट्रेन को समय रहते इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोक दिया गया। इस दौरान मौके पर मौजूद कई लोग तमाशबीन बने रहे। बाद में RPF जवानों और अन्य लोगों की मदद से घायल को इंजन के नीचे से बाहर निकाला गया। घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया गया, लेकिन परिजनों ने उसे शहर के महावीर टोला स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। अब आरा स्टेशन पर हुए हादसे की 2 तस्वीरें… शराबबंदी में चौपट हुआ बिजनेस घायल की पहचान भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र अंतर्गत पीरो गांव निवासी विजय कुमार गुप्ता (54) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से कर्ज के बोझ से परेशान थे। करीब 20 साल पहले उनकी विदेशी शराब की दुकान थी, लेकिन बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद उनका कारोबार बंद हो गया। इसके बाद विजय झारखंड के डाल्टेनगंज में पार्टनरशिप में काम कर रहे थे। इनकम टैक्स नोटिस के बाद बढ़ी परेशानी घायल के साले विद्या भूषण कुमार ने बताया, ‘करीब एक महीने पहले इनकम टैक्स विभाग की ओर से 1 करोड़ 80 लाख रुपए का नोटिस मिला था। इसके बाद से ही उनके बहनोई काफी तनाव में रहने लगे थे। शराबबंदी के बाद विजय कुमार गुप्ता डाल्टेनगंज में अन्य लोगों के साथ पार्टनरशिप में काम करने लगे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति से मुर्गी फार्म खोलने के लिए 5 लाख रुपए का कर्ज लिया था, लेकिन काम सफल नहीं हुआ और कुछ महीनों में ही बंद करना पड़ा। कर्ज देने वाला व्यक्ति लगातार पैसे के लिए दबाव बना रहा था। इसके बाद विजय ने अपने पार्टनर से 5 लाख रुपए उधार लेकर पहले कर्जदार को चुका दिया।’ विद्या भूषण के मुताबिक, ‘कर्ज चुकाने के बावजूद उनकी आर्थिक स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती चली गई। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वे फिर कर्ज में डूबते चले गए। उन्हें लगातार धमकियां भी मिल रही थीं।’ परिजनों के मुताबिक, ‘दो दिन पहले भी पैसे नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी। इसके बाद से ही वह काफी परेशान रहने लगे थे। शुक्रवार की सुबह वह घर से किसी बहाने से निकले थे। बाद में अस्पताल से फोन आने पर घटना की जानकारी मिली।’ किसी यात्री ने बचाने की कोशिश नहीं की वहीं, घायल को बचाने वाले युवक साहिल ने बताया कि ट्रेन के आगे कूदने वाले व्यक्ति को बचाने के लिए मौके पर मौजूद किसी भी यात्री ने पहल नहीं की। उन्होंने कहा, “हम लोग लावारिस शवों को उठाने का काम करते हैं। जैसे ही नजर पड़ी, हम दौड़कर पहुंचे और पुलिस की मदद से घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *