भास्कर न्यूज | जालंधर जेपी नगर में सोमवार सुबह करीब 8 बजे 87 साल की जनक कंवर पत्नी जैकब कंवर को घर में घुसकर एक बदमाश ने बंधक बना लिया और हाथों से सोने के कंगन उतारकर फरार हो गया। वारदात के दौरान आरोपी के हाथ में छुरा था, जिससे महिला दहशत में आ गई। बदमाश ने महिला की बालियां छीनने की भी कोशिश की, लेकिन वह इसमें नाकाम रहा। महिला ने जब शोर मचाया तो लुटेरा अपनी लोई और छुरा वहीं फेंक कर फरार हो गया। पुलिस को इसकी सूचना 10:30 बजे मिली। आसपास के लोगों ने बताया कि दो लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया। एक युवक घर के अंदर घुसा, जबकि दूसरा बाहर खड़ा रहा। महिला के बच्चे विदेश में रहते हैं और घटना के समय वे घर में अकेली थीं। पुलिस को क्राइम सीन से लुटेरे की लोई और छुरा बरामद हुआ है, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आरोपी की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार लुटेरा सोने की दो चूड़ियां लेकर फरार हुआ है। थाना बस्ती बावा खेल के प्रभारी जय इंद्र सिंह ने बताया कि लुटेरे की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वारदात के बाद महिला के केयर टेकर और दो युवक, जिनको कमरा किराये पर दिया गया है, उनसे भी पूछताछ की जा रही है। क्योंकि जब वारदात हुई तो उसके बाद केयर टेकर घर में आने लगे।