पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने बठिंडा में नशा तस्करों के हमले में घायल हुए पूर्व सैनिक रणबीर सिंह से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ संवेदना व्यक्त की। राजा वड़िंग ने बताया कि रणबीर सिंह रोजाना पुलिस को नशा तस्करों की शिकायत करते थे। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को हफ्ता मिलता था। इसी कारण तस्करों ने पुलिस की शह पर पूर्व सैनिक पर हमला कर उनकी टांगें तोड़ दीं। पंजाब कांग्रेस प्रधान ने कहा कि हालांकि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन अभी एक और आरोपी फरार है। उन्होंने मांग की कि सरकार फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करे। साथ ही पीड़ित का इलाज सरकारी खर्च पर कराया जाए और उनके बेटे को सरकारी नौकरी दी जाए। वड़िंग ने चेतावनी दी कि अगर सरकार इन मांगों को नजरअंदाज करती है, तो वे पूर्व सैनिक के साथ मिलकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पीड़ित का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। परिवार के पास पैसों की कमी है। डॉक्टरों ने कमरा बदलने के लिए पैसे मांगे हैं। कांग्रेस पार्टी इस मामले में परिवार की मदद करेगी।