हरियाणा सरकार ने हिसार से चंडीगढ़ की फ्लाइट को मंजूरी दे दी है। फ्लाइट 9 जून (सोमवार) से शुरू होगी। इसके लिए एलांयस एयर की वेबसाइट पर बुकिंग शुरू हो गई है। हिसार से चंडीगढ़ का किराया 1923 रुपए और चंडीगढ़ से हिसार का किराया 2178 तय किया गया है। हिसार से चंडीगढ़ की दूरी करीब 252 किमी है। फ्लाइट में यह सफर सिर्फ 45 मिनट का होगा। फ्लाइट लेने के लिए आधे घंटे पहले एयरपोर्ट पर पहुंचना होगा। सड़क के रास्ते गाड़ी या बस में चंडीगढ़ जाने में करीब 4 घंटे लगते हैं। वहीं ट्रेन में यह दूरी 7 घंटे की है। इसके लिए भी सिर्फ एक ही ट्रेन है। सरकार अयोध्या और दिल्ली की तरह ही सप्ताह में 2 दिन के लिए फ्लाइट शुरू कर सकती है। हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा होनी बाकी है। ये रहेगी टाइमिंग प्रधानमंत्री ने 14 अप्रैल को किया था उद्घाटन
हिसार से दिल्ली और हिसार से अयोध्या के लिए फ्लाइट की शुरुआत 14 अप्रैल से हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर हिसार से अयोध्या के लिए पहली उड़ान का शुभारंभ किया था। उड्डयन विभाग के मुताबिक हिसार से अब तक 750 से अधिक यात्री अयोध्या के लिए उड़ान भर चुके हैं। दिल्ली में ठहराव होने से कई यात्री राष्ट्रीय राजधानी से भी विमान में चढ़ते हैं। इससे सभी सीटें लगभग भर जाती हैं। अभी गर्मियों की छुट्टियां भी हो गई हैं। ऐसे में अभी रुझान मिलने की संभावना है। इंटरनेशनल स्टैंडर्ड का टर्मिनल बन रहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिसार एयरपोर्ट पर इंटरनेशनल टर्मिनल की आधारशिला भी रखी थी। इसे इंटरनेशल स्टैंडर्ड के हिसाब से बनाया जा रहा है। यह शंख के आकार जैसा दिखाई देगा। हिसार में 7,200 एकड़ जमीन पर एयरपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। इसे दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) के विकल्प के रूप में 3 चरणों में विकसित किया जा रहा है। इसे लेकर हरियाणा सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के बीच मैमोरंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) हुआ है। 59 साल बाद शुरू हुई थी हिसार से चंडीगढ़ सीधी ट्रेन
हिसार से 59 साल बाद हिसार से चंडीगढ़ सीधी रेल सेवा शुरू हुई थी। करीब 17 दिन पहले हिसार के रायपुर स्टेशन से इसकी शुरुआत की गई। इससे पहले चंडीगढ़ जाने के लिए लोग बसों व प्राइवेट वाहनों का सहारा लेते थे। इससे सफर महंगा पड़ता था। सड़क मार्ग से जुड़ा होने के बावजूद ट्रेन चलाने के लिए लंबे समय से नेता, व्यापारी, रेल एसोसिएशन सहित आमजन मांग उठा रहे थे। हिसार के रायपुर स्टेशन से देर रात करीब 2:25 से ट्रेन चंडीगढ़ के लिए चलती है, जो सुबह करीब 9 बजे चंडीगढ़ पहुंचती है।