समय- सात जून की दोपहर
स्थान- बरेली का गांधी उद्यान पार्क
कुछ युवक व युवतियां यहां पर बैठकर आपस में बातें कर रहे हैं। उनमें सभी धर्मों के लोग हैं। तभी यहां पर 8-10 लड़के आ धमकते हैं। यह लोग अपने आपको हैदरी दल का सदस्य बताते हैं और युवतियों को धमकाकर उनका बुर्का निकलवाने का प्रयास करते हैं। अभद्रता करते हैं। मुस्लिमों का नाम खराब करने की बात कहकर गाली-गलौज करते हैं। इस सबका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर देते हैं। बरेली में बेटियों के साथ शर्मनाक और घिनौनी करतूत के बाद शनिवार को ही यह संगठन सुर्खियों में आया है। ये संगठन अपने आपको इस्लाम का सरपरस्त बताता है। एक हिंदू वादी नेता की शिकायत पर पुलिस ने इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस आरोपियों को ढूंढ़ रही है। लेकिन लड़कियां इनकी वजह से दहशत में हैं। दैनिक भास्कर ने पूरे मामले की पड़ताल की। आप भी जानिए कौन है हैदरी दल जो बेटियों परेशान कर रहा, अचानक कहां से आया, क्या थीम है पिछले दिनों में क्या- क्या किया। पढ़िए पूरी रिपोर्ट सबसे पहले जानिए हैदरी दल के बारे में
हैदरी दल बरेली के नाम से बने संगठन ने इंस्टाग्राम पर दो दिन पहले ही haidri_dal_bareilly के नाम से अकाउंट बनाया है। इसमें 8 पोस्ट की गई हैं, जिनमें 4 फॉलोअर्स हैं। सभी आठों पोस्ट नफरत से भरी हुई हैं। इसमें ‘लव जिहाद’ की तरह ‘भगवा लव ट्रैप’ का नाम दिया गया है। इस हैदरी दल का काम बेटियों को परेशान करना है। इस्लाम के नाम पर ये दल मुस्लिम बेटियों को पार्कों में पकड़कर परेशान करता है। बेटियों को बेइज्जत करता है और इस्लाम की दुहाई देता है। इंस्टाग्राम पर उनके एक वीडियो का उदाहरण देखिए- “हिजाब उतारकर बैठोगी ? ये तुम्हारे मां-बाप की जागीर नहीं है। ये फातिमा की जागीर है।” एक दूसरी लड़की से ये लोग उसका नाम, पता, पिता का नाम पूछते हैं। फिर कहते हैं – “यहां अय्याशी करने आती हो।” इन लोगों ने इंस्टाग्राम आईडी sofiyan_08 के नाम से आईडी बनाकर उस पर ये वीडियो अपलोड किए थे। शिकायत के बाद सभी वीडियो डिलीट कर दिए गए हैं। haidri_dal_bareilly के बायो में लिखा है – “मुसलमानों तुम्हारी बच्चियां मूर्तद (गैर-इस्लामी जीवनशैली या धर्म अपना रही हैं) हो रही है, मस्जिदें दरगाहें तोड़ी जा रही हैं, तुम्हारे आका की शान में गुस्ताखी हो रही है। उठो जिहाद की तैयारी करो।” मकसद साफ है – इसके बायो में ही लिखा गया है कि जिहाद करो। हैदरी दल को लगता है मुसलमान, मुस्लिम बेटियां, दरगाहें, मदरसे, मस्जिदें – कुछ भी सुरक्षित नहीं हैं। कैसे फैलाते हैं नफरत
सोशल मीडिया पर ये दल बड़े या मनगढ़ंत मुद्दों का वीडियो बनाकर वायरल करता है। वीडियो में मुस्लिम बहू-बेटियों को आगाह किया जाता है कि हिंदुओं से दूरी बनाकर रखो। बताया जाता है कि हिंदू ‘काफिर’ हैं और उनसे मोहब्बत इस्लाम में हराम है।
मोहब्बत को इस दल ने ‘भगवा लव ट्रेप’ नाम दिया है। इस्लाम के नाम पर ये संगठन मुस्लिम बेटियों की वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करता है। कब और कैसे बना ये संगठन
हैदरी दल नाम क्यों रखा है अभी यह किसी को जानकारी नहीं है। देशभर में इस दल के लोग फैले हुए हैं। इंस्टाग्राम पर हैदरी दल के नाम से कई अकाउंट हैं। जिसमें एक अकाउंट बरेली का और एक राजस्थान का भी है। इन दोनों अकाउंट्स को देखने से पता चल जाएगा कि इसका मकसद क्या है। इनका मकसद साफ है – भारत को इस्लामिक मुल्क बनाना। अब जानिए क्या था पूरा मामला
बरेली शहर कोतवाली क्षेत्र में स्थित गांधी उद्यान में शनिवार को कुछ लड़कियां घूमने आई थीं। वो वहां बैठकर बातचीत कर रही थीं, तभी 8-10 लड़कों का एक गैंग आया, जो खुद को हैदरी दल बता रहा था। वे लोग लड़के-लड़कियों के वीडियो बनाने लगे।
जब लड़कियों ने मना किया, तो बदतमीजी करने लगे। बोले – “तुम हिंदू लड़कों के साथ क्या कर रही हो”, “तुम्हें ऐसा नहीं करना चाहिए”, “यहां अय्याशी करने आती हो।” इस तरह से हैदरी दल ने उन्हें धमकाया और उनका नाम, पिता का नाम और पता पूछने लगे। वीडियो इंस्टाग्राम में अपलोड किए
ये लड़के कई लड़कियों के नकाब हटाने लगे। जबकि वो लड़कियां लगातार वीडियो बनाने का विरोध कर रही थीं। ये लोग लड़कियों को इस्लाम की दुहाई भी दे रहे थे। उन लड़कियों से कहा कि बुर्का और नकाब पहनकर अय्याशी करने आई हो।
वे लड़के, लड़कियों से उनका आधार कार्ड मांगने लगे। पूछने लगे कि तुम्हारा नाम क्या है, कहां रहती हो, परिवार में कौन-कौन है। लड़कियां उनसे बचती नजर आईं। उनकी इस हरकत से लड़कियां सहम गईं। वहीं इस घटना के बाद गांधी उद्यान में अफरा-तफरी मच गई।
इन लोगों ने हैदरी दल के नाम से इंस्टाग्राम पर 3 लड़कियों के वीडियो भी अपलोड कर दिए और उन पर धमकी भरे मैसेज भी लिखे। पुलिस को कैसे हुई मामले की जानकारी
हैदरी दल ने 7 जून को लड़कियों के साथ बदसलूकी के वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किए। जिसके बाद हिंदू जागरण मंच के अध्यक्ष हिमांशु पटेल ने पुलिस से शिकायत की।
हिमांशु पटेल ने उन सभी वीडियो को सोशल मीडिया साइट्स ‘X’ पर शेयर कर पुलिस से हैदरी दल के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और 8 जून को मामले में कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।
हिमांशु ने लिखा- बरेली के गांधी उद्यान पार्क में हैदरी दल के लोग जाकर लड़के लड़कियों को परेशान करते हैं,धमकी देते हैं और उनकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करते हैं,आखिर इन लोगों को परमीशन किसने दे दी कि पार्कों में जाकर लड़के लड़कियों की आइडेंटी चेक करो। जानिए चौकी प्रभारी ने FIR में क्या लिखा
कोतवाली में चौकी चौराहा चौकी इंचार्ज नितिन राणा की ओर से 8 जून को मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने मुकदमे में लिखवाया है कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक वीडियो वायरल हो रही है।
जांच करने पर पता चला कि ये वीडियो इंस्टाग्राम आईडी sofiyan_08 से अपलोड की गई है। जिसकी बायो में Haidri Dal Bareilly भी लिखा है। वीडियो सार्वजनिक स्थान बरेली के गांधी उद्यान का है। वीडियो में कुछ युवक (समुदाय विशेष) के कुछ लड़कियों जोकि उनके धर्म से सम्बन्धित है, के साथ सार्वजनिक स्थान पर रास्ते में जाते हुऐ रोककर उनकी लोक लज्जा को लेकर टिप्पणी कर रहे है।
उनसे गैर धर्म के लोगो के साथ बात करने की मना कर रहे है। जिससे लड़कियां असहज व असुरक्षित महसूस कर रही हैं। वीडियो में समुदाय विशेष के परिधान को लेकर भी टिप्पणी की जा रही है। जिससे दो धर्मों के मध्य धार्मिक भावनाओं को भड़काने व दो धर्मों के मध्य धार्मिक वैमनस्यता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। जिससे आम जनमानस व सभ्य समाज मे रोष व्याप्त है। कानून व्यवस्था भंग होने का भी खतरा बना हुआ है। एसएसपी बोले- FIR दर्ज, जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी बरेली के SSPअनुराग आर्य ने बताया कि हैदरी दल ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट किए हैं। साथ ही गांधी उद्यान में कुछ लड़कियों के साथ अभद्रता भी की। हमने इस मामले को गंभीरता से लिया गया है। वायरल वीडियो और इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच की गई है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है। यह स्पष्ट रूप से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पता लगाया जा रहा है जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। —————- ये खबर भी पढ़िए क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया की सगाई हुई:रिंग पहनकर रो पड़ीं प्रिया; अखिलेश-डिंपल, जया बच्चन भी मौजूद रहीं क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की रिंग सेरेमनी लखनऊ के ‘द सेंट्रम’ होटल में हुई। रिंकू और प्रिया एक-दूसरे का हाथ पकड़कर हॉल में पहुंचे। स्टेज पर रिंकू ने प्रिया को रिंग पहनाई, तो वह भावुक हो गईं और फफककर रो पड़ीं। रिंकू ने उन्हें संभाला। इसके बाद दोनों ने हाथ उठाकर प्यार का इजहार किया और सेरेमनी में आए लोगों को थैंक्यू कहा। इस दौरान प्रिया ने पिंक लहंगा पहना था और रिंकू व्हाइट शेरवानी पहने थे। पूरी खबर पढ़िए