मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में हथियारबंद अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने का चेन छीन लिया। विरोध करने पर पिस्टल की बट से मारकर सिर फोड़ दिया। दहशत फैलने के लिए 2 राउंड फायरिंग भी की गई। मौके से 2 खोखा मिला है। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता की पहचान पांकी टंकी चौक निवासी मंजू झा(33) के तौर पर हुई है। पति विकास झा ने बताया, ‘मेरी पत्नी सुबह दूध लाने बाजार गई थी। घर लौटते समय जायसवाल कैंपस के पास बाइक सवार 2 अपराधियों ने घेर लिया। गले से सोने का चेन छीनने लगा।’ विरोध करने कर अपराधियों ने गोली चला दी। इसके बाद भी मंजू बहादुरी दिखाते हुए लड़ती रही। इस बीच पिस्टल के बट से सिर पर हमला कर दिया। जिसके बाद वो जमीन पर गिर गई। अपराधी चेन छीनकर फरार हो गए। जिसकी कीमत डेढ़ लाख थी। कुछ ही देर में मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। CCTV फुटेज खंगाला जा रहा है इस संबंध में एसडीपीओ टाउन-1 सीमा देवी ने बताया कि एक महिला से छिनतई हुई है। अपराधियों ने सर पर हमला किया है। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से खोखा बरामद हुआ है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है।