चंबा जिला के दुर्गम क्षेत्र भरमौर में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस की छत टपकने और छाता लेकर सफर का एक वीडियो सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति बस के भीतर ही छाता खोल देता है, क्योंकि सरकारी बस की छत से पानी टपक रहा होता है। पिछली सीट पर बैठा कोई यात्री इसका वीडियो बना देता है। जो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस पर सोशल मीडिया यूजर तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। यह वीडियो बीते मंगलवार सुबह का बताया जा रहा है। बस चंबा डिपो की है, जो औरा गांव से 10 से 12 सवारियों को लेकर वापस भरमौर आ रही होती है। निगम की यह बस रोजाना औरा गांव से भरमौर आती है। बीते मंगलवार को जब वापस भरमौर आ रही थी, तब तेज बारिश होती है। बारिश के बचने को एक यात्री बस के भीतर ही छाता खोल देता है। बस का फ्रंट शीशा भी जर्जर यही नहीं इस बस का फ्रंट शीशा भी जर्जर हालात में बताया जा रहा है, जो कभी भी टूट सकता है। भरमौर निवासी महेंद्र ऋषि, उत्तम कुमार और मदनलाल ने बताया कि खराब व खटारा बसों से कभी भी दुर्घटना हो सकती है। यात्री अब इन बसों में सफर करने से बचने लगे हैं। उन्होंने कि दूर दराज के ज्यादातर ग्रामीण इलाकों में इसी तरह की खटारा बसें भेजी जाती है। यह प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी देखने को मिलता है। औरा गांव से सुबह 8 बजे चलती है बस यह बस रोजाना शाम 4 बजे भरमौर से औरा गांव जाती है और सुबह 8 बजे औरा गांव से भरमौर के लिए निकलती है। विधायक बोले- यही व्यवस्था परिवर्तन भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने कहा कि यह व्यवस्था परिवर्तन है कि किस तरह से बस की छत से पानी टपक रहा है। उन्होंने कहा, लोग बस में छाता लेकर सफर कर रहे हैं।