हेमा मालिनी से महिलाएं बोलीं- हमसे मिलने बसंती आई:तांगा से मथुरा घुमाएंगी; गले लगाकर पूछा- धर्मेंद्र को क्यों नहीं लाई? सांसद ने दिया जवाब

अभिनेत्री और सांसद हेमा मालिनी बुधवार को मथुरा पहुंचीं। यहां उन्होंने आश्रय सदन कृष्णा कुटीर का निरीक्षण किया। इस दौरान महिलाओं ने हेमा मालिनी से कहा-आज मुझसे बसंती मिलने आईं हैं, अब मुझे तांगा में घुमाने ले जाएंगी। ये सुनकर हेमा मालिनी ठहाके लगाकर हंसने लगीं। महिलाओं ने हेमा से कहा कि अगली बार जब आप आएं, तो धर्मेंद्र जी को जरूर साथ लाएं। हेमा मालिनी ने महिलाओं से गले मिलकर राधे राधे कहा। महिलाओं ने कहा कि आपको टीवी पर देखते थे, आज राधा रानी की कृपा से सामने से देख लिया। अब विस्तार से पढ़िए… गोल्फ कार्ट का शुभारंभ करने पहुंची थीं हेमा मालिनी
कृष्णा कुटीर में 380 निराश्रित एवं बेसहारा महिलाएं आश्रित हैं। इन महिलाओं को मंदिरों के दर्शन करने जाने के लिए दिक्कत न हो इसके लिए इंडियन ओवरसीज बैंक की राजीव भवन शाखा ने अपने CSR फंड से एक 16 शीटर गोल्फ कार्ट दी है। इसी गोल्फ कार्ट का शुभारंभ करने सांसद हेमा मालिनी, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह कृष्णा कुटीर पहुंचे थे। 11 लाख रुपए की लागत से आई इस गोल्फ कार्ट का हेमा मालिनी ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। ताली बजाई, आंखों में ले आईं आंसू हेमा
कृष्णा कुटीर में हेमा मालिनी ने निराश्रित महिलाओं से मुलाकात की, तो माहौल ही अलग हो गया। ताली बजाकर स्वागत किया। फिर गले लगाया। इस दौरान एक महिला आंखों में आंसू ले आई, जिसे हेमा मालिनी ने अपने गले लगाया। हंसकर उसकी भावुकता को कम किया। इसके बाद कुछ महिलाओं ने कहा कि वह धर्मेंद्र जी को यहां लाएं। इस पर हेमा मालिनी ने उनको आश्वस्त किया कि जल्द ही वह धर्मेंद्र जी को उनके बीच लेकर आएंगी। महिलाओं से जाना हालचाल
कृष्णा कुटीर पहुंचीं हेमा मालिनी ने वहां रह रही महिलाओं से हालचाल जाना। उनसे पूछा कि उनको रहने, खाने पीने में कोई दिक्कत तो नहीं। डॉक्टर समय से देखने आते हैं। कृष्णा कुटीर की अधीक्षिका सही से ख्याल रखती हैं या नहीं। हेमा मालिनी ने कहा कि आप बिना किसी से डरे हुए बताइए। इस पर महिलाओं ने कहा कि नहीं अब यहां का माहौल बहुत अच्छा है। हर 2 महीने में आएंगी कृष्णा कुटीर
सांसद हेमा मालिनी से महिलाओं ने कहा कि वह साल में एक बार आया करें। इस पर माताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह हर दो महीने में यहां आया करेंगी। इसके साथ ही सांसद ने अधीक्षिका से कहा कि इन माताओं को उनके जमाने की एक फिल्म दिखाया करें। सांसद हेमा मालिनी ने कहा कुछ समय पहले जब वह यहां आई थीं तो हालत बहुत खराब थी। लेकिन अब स्थिति अलग है। यहां आकर अब अच्छा लगा। DM से मिलकर भावुक हुई महिला
कृष्णा कुटीर पहुंचे DM चंद्र प्रकाश सिंह जब हेमा मालिनी से मिल रहे थे उसी दौरान एक महिला उनसे मिलने आ गईं। महिला ने DM को देखकर कहा कि शायद उनका बेटा भी इतना ही बड़ा होगा। जिसके बाद DM ने माता को गले से लगा लिया। अपनत्व का एहसास कराने की कोशिश की। DM चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि जब मां बेटा का मिलन होता है तो स्वाभाविक है भावुकता आ ही जाती है। —————————— यह खबर भी पढ़ें- यूपी में परिवार के 5 लोग कार में जिंदा जले:पुलिया से टकराई, नीचे गिरते ही आग लगी; बदायूं से दिल्ली जा रहे थे यूपी के बुलंदशहर में सड़क हादसे में परिवार के 5 लोगों की कार में जलकर मौत हो गई। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार पुलिया तोड़ते हुए सड़क किनारे 5 फीट नीचे गिर गई। गिरते ही कार में भीषण आग लग गई। कार में बैठे 6 में से 5 लोग जिंदा जल गए। यहां पढ़ें पूरी खबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *