नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर स्वामी प्रसाद मौर्य के मायावती पर दिए बयान से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि बसपा प्रमुख अब तक यूपी की सबसे बेस्ट सीएम रहीं। वहीं, दूसरी खबर बुलंदशहर से है, जहां कार हादसे के बाद 5 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- स्वामी प्रसाद मौर्य बोले- मायावती सबसे बेस्ट सीएम रहीं, उनके समय कानून का राज था स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा- बसपा प्रमुख मायावती यूपी की अब तक की सबसे बेहतर मुख्यमंत्री रहीं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी की तीखी आलोचना की। बाराबंकी पहुंचे मौर्या ने कहा कि मायावती के कार्यकाल में कानून का राज था, जिसकी गूंज प्रदेश ही नहीं पूरे देश में थी। अगर आप सपा-भाजपा के मुख्यमंत्री से तुलना करें तो आपको ऐसा लगेगा। पूरी खबर पढ़ें 2- पीलीभीत में सपा ऑफिस पर ताला जड़ा, जिलाध्यक्ष को धक्का दिया, 35 कार्यकर्ता गिरफ्तार पीलीभीत में सपा कार्यालय पर प्रशासन ने ताला लगा दिया। पेंट से नाम मिटवाने के बाद पार्टी का झंडा उखाड़कर फेंक दिया। विरोध कर रहे सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह को पुलिस वालों ने धक्का दे दिया। विरोध कर रहे 35 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। सपा कार्यालय सरकारी जगह पर बना हुआ था, जिसे खाली करने के लिए 16 जून तक का समय दिया गया था। पूरी खबर पढ़ें 3- यूपी में ललितपुर-सोनभद्र के रास्ते मानसून की एंट्री, 2-3 दिन में पूरे प्रदेश को कवर करेगा यूपी में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आज, 18 जून को ललितपुर और सोनभद्र के रास्ते एंट्री ले ली। 4 साल बाद मानसून अपने तय समय पर आया। ललितपुर के आसपास जिलों में बादल छाए हैं। ठंडी हवाएं चल रही हैं। सोनभद्र में बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक,19 जून को प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में मानसून सक्रिय हो जाएगा, जिससे बारिश की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें 4- योगी गोरखपुर से सीधे दिल्ली पहुंचे, राष्ट्रपति मुर्मू से की मुलाकात; गृह मंत्री शाह से भी मिलेंगे सीएम योगी ने बुधवार को दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। उन्होंने महामहिम को आयुष विश्वविद्यालय के लोकार्पण का निमंत्रण दिया। आज दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या और बृजेश पाठक भी दिल्ली पहुंचे हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक, सीएम योगी की गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के दौरान कैबिनेट विस्तार पर चर्चा हो सकती है। 5- यूपी में परिवार के 5 लोग कार में जिंदा जले, पुलिया से टकराई, नीचे गिरते ही आग लगी बुलंदशहर में हुए सड़क हादसे में परिवार के 5 लोगों की कार में जलकर मौत हो गई। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार पुलिया तोड़ते हुए सड़क किनारे 5 फीट नीचे गिर गई। गिरते ही कार में भीषण आग लग गई। कार में बैठे 6 में से 5 लोग जिंदा जल गए। कार सवार केवल एक महिला ही बच पाई। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर पहुंचे लोगों ने कार का शीशा तोड़कर महिला को बाहर निकाला। पूरी खबर पढ़ें अब 8 अहम खबरें… 6- संभल में मुस्लिम खुद गिरा रहे मस्जिद, नोटिस मिलने के बाद कमेटी खुद तोड़ रही संभल की चंदौसी नगर पालिका की जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई रजा-ए-मुस्तफा मस्जिद मुस्लिम खुद तोड़ रहे है। नगर पालिका परिषद चंदौसी ने लक्ष्मण गंज स्थित वारिस नगर में 35 मकानों और एक मस्जिद को नोटिस जारी किया था। प्रशासन की ओर से कार्रवाई का नोटिस मिलने के बाद मस्जिद की इंतजामिया कमेटी ने खुद ही मस्जिद को तोड़ने का निर्णय लिया। पूरी खबर पढ़ें 7- संजय सिंह बोले- पंचायत चुनाव अकेले लड़ेगी आप, महाकुंभ भगदड़ में 82 मरें, BJP 5-5 लाख भिजवा रही राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा- आप पार्टी पंचायत चुनाव अकेले ही लड़ेगी। उन्होंने महाकुंभ को लेकर बीजेपी सरकार पर कहा कि एक मीडिया संस्थान ने महाकुंभ में मारे गए 82 परिवारों के घर जाकर इंटरव्यू किया। इसमें परिजनों ने अपने लोगों की मौत की बात कही। भाजपा सरकार ने उनका मुंह बंद कराने के लिए 5 लाख रुपए दिए। सरकार यह पैसा कहां से दे रही है। पूरी खबर पढ़ें 8- हेमा मालिनी से महिलाएं बोलीं- हमसे मिलने बसंती आई, तांगे से मथुरा घुमाएंगी; धर्मेंद्र को क्यों नहीं लाई मथुरा सांसद हेमा मालिनी आश्रय सदन कृष्णा कुटीर की महिलाओं से मिलने पहुंची। इस पर महिलाओं ने कहा- हमसे मिलने बसंती आईं हैं, अब तो हमें तांगे में घुमाने ले जाएंगी। इस पर हेमा मालिनी ठहाके लगाकर हंसने लगीं। महिलाओं ने हेमा मालिनी से पूछा- आजकल धर्मेंद्र जी, कहां हैं। आप उन्हें लेकर क्यों नहीं आईं। अगली बार जब आप आएं, तो धर्मेंद्र जी को जरूर लाएं। पूरी खबर पढ़ें 9- आगरा में मॉर्निंग वॉक पर निकले 3 लोगों समेत 4 की मौत, डिवाइडर पर बैठे लोगों पर गाड़ी पलटी आगरा में मैक्स गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोग डिवाइडर पर बैठे थे। तीनों की मैक्स के नीचे दबने से मौत हो गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से तीनों को बाहर निकाला। हादसे के बाद ड्राइवर गाड़ी में ही फंस गया था। वह एक घंटे तक तड़पता रहा। पुलिस ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक वो मर चुका था। पूरी खबर पढ़ें 10- लखनऊ में एक करोड़ की चोरी, चोरों ने ड्राई फ्रूट्स-चिप्स भी खाए: पेट्रोल पंप मालिक के घर में 5 घंटे रुके लखनऊ के जानकीपुरम थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप मालिक के घर में चोर 5 घंटे रुके। आराम से ड्राई फ्रूट्स-चिप्स खाए। इसके बाद 1 करोड़ रुपए कीमत के पुश्तैनी गहने और नकदी चुरा ले गए। घटना के वक्त पूरा परिवार बेंगलुरु गया था। मंगलवार देर रात लौटने पर घर के सारे ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो हर कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूरी खबर पढ़ें 11- शिवपाल यादव का बीजेपी सरकार पर हमला, कहा- 11 साल में सिर्फ भ्रष्टाचार किया शिवपाल सिंह यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी देश-प्रदेश में केवल झूठ, दिखावा और भेदभाव की राजनीति कर रही है। मोदी सरकार के 11 साल के कार्यकाल पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश में 11 साल में एक भी ऐसा बड़ा काम नहीं दिखता, जो जनता को राहत दे। सिर्फ उत्पीड़न, बेईमानी और भ्रष्टाचार देखने को मिला है। पूरी खबर पढ़ें 12- कानपुर में छात्रा से रेप करता रहा टीचर, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर होटल ले गया कानपुर में 9वीं की छात्रा को कोचिंग पढ़ाने वाले टीचर ने अश्लील हरकत की और धोखे से उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ कई बार रेप भी किया। लड़की ने जब परिजनों को बताया तो बाबूपुरवा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पूरी खबर पढ़ें 13- आगरा में मां-दो बेटों को सांप ने काटा, महिला को अस्पताल ले गए, बच्चों को सोता समझ छोड़ गए, दोनों की मौत आगरा में सो रहे मां और 2 बच्चों को सांप ने काट लिया। इस दौरान महिला जग गई। उसने देखा कि उसके पैर पर सांप काटकर जा रहा है। शोर मचाने पर घरवाले भी जाग गए। घरवाले दोनों बच्चों को सोता समझ कर महिला को अस्पताल ले गए। वहां महिला का इलाज किया गया। घर आने पर महिला ने बच्चों को जगाया, लेकिन वो नहीं उठे। पता चला कि बच्चों को भी सांप ने काट लिया है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- शादी के 10 दिन बाद दुल्हन प्रेमी संग फरार, पति संग चाट खाने निकली थी मुगलसराय में पति संग चाट खाने निकली पत्नी शादी के 10 दिन बाद प्रेमी संग फरार हो गई। वहीं हैरानगी की बात यह रही कि पति ने मामले की शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने लड़की को प्रेमी के साथ रहने की इजाजत दे दी। कल कैसा रहेगा प्रदेश का मौसम 15- यूपी में मानसून की एंट्री हो गई है। 19 जून को मौसम विभाग ने प्रदेश में बारिश की चेतावनी दी है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी में गरज चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…