कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में गुरुवार सुबह दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 पर अमन होटल पर फायरिंग करने वाले कौशल चौधरी गैंग के शूटर्स का सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस की 7 टीमें जांच में जुटी हैं। वहीं गुरुवार की रात पंजाब के गुरदासपुर में लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े जग्गू भगवानपुरिया की मां और बॉडीगार्ड की हत्या हुई, जिसकी जिम्मेदारी कौशल चौधरी गैंग और प्रभू दासुवाल ने ली है। हांलाकि शूटर्स कौन थे, इसका पता नहीं चल पाया है। जग्गू भगवानपुरिया कुरुक्षेत्र जेल में भी रहा है। करीब 4 महीने पहले उसे दूसरी जेल में शिफ्ट किया गया था। उधर, होटल संचालक ने रंगदारी के लिए कोई धमकी नहीं मिलने का दावा किया है। हालांकि फायरिंग के बाद बदमाश रिसेप्शन पर कौशल चौधरी नाम के साथ एक विदेशी मोबाइल नंबर लिखी पर्ची फेंककर फरार हुए थे। होटल संचालक बोला- कोई धमकी नहीं मिली
होटल संचालक संजीव यादव के मुताबिक, होटल में कोई लूटपाट या छीना-झपटी नहीं हुई। रिसेप्शन के काउंटर पर रखा कैश सुरक्षित मिला। उनके पेट्रोल पंप पर भी सब कुछ ठीक है। वारदात से पहले या बाद में कोई धमकी भरी कॉल या मैसेज भी नहीं आया है। होटल संचालक की सुरक्षा के लिए पुलिस की तरफ से 8 कमांडो तैनात किए गए हैं। किसी से कोई विवाद नहीं यादव ने बताया कि उनका किसी के साथ किसी तरह का कोई विवाद भी नहीं है। किसी के साथ कोई रंजिश नहीं है। हाईवे पर होटल की वजह से लोग यहां रुकते हैं और खाना खाकर चले जाते हैं। गनीमत रही, इस घटना में कोई कर्मी या आसपास के लोग जख्मी नहीं हुए। बदमाश मास्क लगाकर आए थे।
अंबाला की तरफ भागे बदमाश बदमाश बिना नंबर की बुलेट बाइक पर आए थे। वारदात के बाद दोनों बदमाश अंबाला की तरफ भाग गए। आरोपी उस बाइक पर अंबाला में सपोट किए गए। यहां से उनके पंजाब की तरफ भागने की आशंका है। कौशल चौधरी गैंग का कनेक्शन बंबीहा गैंग से है। शाहाबाद पुलिस ने कई धाराओं में FIR दर्ज की है।