फरीदाबाद में रेप पीड़ित युवती ने निगला जहर:इलाज के दौरान मौत, मुंबई ले जाकर फिल्मी सितारों से मिलाने का झांसा दिया

फरीदाबाद में रेप पीड़िता एक युवती ने बदनामी के डर से परेशान होकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। पीड़िता को पहले वीरवार को ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। इस घटना में दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर क्रॉस केस दर्ज कराया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतक युवती ने कराया था रेप का केस फरीदाबाद के आईएमटी क्षेत्र की रहने वाली 19 साल की युवती ने 1 जून को कैंप थाना पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि, पलवल के ओमेक्स सिटी निवासी राज आर्य व सपना गुप्ता नौकरी लगाने का झांसा देकर 2 जनवरी को अपने घर ओमेक्स ले गए थे। युवती ने आरोप लगाया था कि इसके बाद 17 फरवरी को राज आर्य और सपना गुप्ता ने रात करीब नौ बजे कैंप पलवल में अपने ऑफिस पर ले गए थे। जहां पर सपना ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया था। जब वह नशे की हालत हो गई तो राज आर्य छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर राज आर्य ने जान से मारने की धमकी देकर रेप किया। युवती ने यह भी आरोप लगाया था कि सपना ने उसके हाथ पकड़ कर वीडियो बना ली थी और फोटो भी खींच लिए थे। धमकी दी गई कि यदि किसी को कुछ बताया तो वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। एक्ट्रेस बनाने का झांसा देकर मुंबई ले गए युवती ने आरोप लगाया था कि 4 अप्रैल को राज आर्य और सपना गुप्ता गोरेगांव वेस्ट मुंबई ले गए थे। दोनों ने उसे मुंबई में एक्ट्रेस बनाने और फिल्मी सितारों से मिलाने का झांसा दिया था। जिसके बाद वह उनके साथ मुंबई जाने को राजी हुई थी। वहां पर राज आर्य ने धीरज रेजिडेंसी में 11 अप्रैल को सुबह 4:00 बजे रेप किया। आरोप है कि आरोपी उसको ब्लैकमेल करके देह व्यापार के धंधे में धकेलना चाहते थे। आरोपी पहले से ही कई लड़कियों से गलत काम करवाते हैं। कैंप पलवल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आपराधिक षडयंत्र करने, छेड़छाड़ करने, विवाह करने के लिए मजबूर और रेप करने की धाराओं के तहत 13 जून को केस दर्ज किया था। आरोपी ने भी दर्ज कराया था केस आरोपी राज आर्य ने युवती, उसकी मां समेत अन्य कई लोगों पर मडकौला पुलिस चौकी में 4 जून को केस दर्ज कराया था। जिसमें आरोप लगाया है कि युवती उनकी पत्नी सपना के साथ काम कर चुकी है। दोनों एक दूसरे को जानते पहचानते हैं। युवती ने किसी काम से पत्नी सपना से एक लाख रुपए उधार ले रखा था। युवती को करीब ढाई तीन साल से जानते थे। दोनों का एक दूसरे के घर आना जाना था। राज का आरोप है कि 31 मई को युवती ने कॉल कर उन्हें अपने घर बुलाया। वहां उसकी मां, मौसी समेत अन्य लोग मौजूद थे। उन लोगों ने दोनों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर जमकर मारपीट की। पति- पत्नी के कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाई और वायरल करने की धमकी दी। आरोपियों ने उनके साथ लूटपाट भी की। नकदी व मोबाइल फोन आदि लूट लिए। इस पर मंडकौला पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था। बदनामी के डर से खाया जहरीला पदार्थ मृतका की मां का कहना है कि बेटी ने बदनामी के डर से परेशान होकर वीरवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे गंभीर हालत में पहले ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर देर रात रेफर कर दिया गया। परिजनों ने युवती काे नीलम पुल स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार को इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। इस मामले में कैंप पलवल थाना के सब इंस्पेक्टर संजय कुमार का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ केस दर्ज कराया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएगा, उसी अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *