यूपी के 4 लोगों की राजस्थान में मौत:पाइप लाइन खुदाई की साइट में हादसा, पुलिस बोली- चोरी-छिपे मिट्‌टी लेने आए थे

राजस्थान के भरतपुर में चंबल प्रोजेक्ट की पाइप लाइन डालने के दौरान मिट्‌टी ढह गई। हादसे में एक ही परिवार के 10 लोग दब गए। तीन महिला और एक युवक की मौत हो गई है। वहीं, 2 लोग गंभीर घायल हैं। हादसा गहनौली थाना इलाके में रविवार सुबह करीब 8.30 बजे हुआ। थाना अधिकारी विजय सिंह ने बताया- जंगी के नगला के पास पाइप लाइन के लिए खुदाई की जा रही है। यहां निकली पीली मिट्‌टी को चोरी-छिपे भरने के लिए आगरा के फतेहपुर सीकरी के रहने वाले 10 लोग आए थे। सभी उत्तू गांव के रहने वाले हैं। मिट्टी भरने के दौरान हादसा हो गया। गहनौली में जहां हादसा हुआ, उससे उत्तू गांव करीब 1 किमी दूर है। यानी यूपी-राजस्थान के बॉर्डर के पास ये हादसा हुआ है। पीली मिट्‌टी चिकनी होती है, इससे लोग कच्चे घरों में लिपाई करते हैं। साथ ही इससे कच्चे बर्तन भी तैयार किया जाता है। 3 तस्वीरें देखिए करीब 10 फीट गहरे गड्‌ढे में उतरे थे
पुलिस के अनुसार, साइट पर करीब 10 फीट की खुदाई हुई है। ये सभी लोग इसी गड्‌ढे में उतरे थे। इसी दौरान टनों मिट्‌टी भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। हादसे की सूचना पर पहुंची जिला प्रशासन और ग्रामीणों मिट्‌टी में दबे 6 लोगों को बाहर निकाला था। इनमें से 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, एक महिला ने हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान अनुकूल (22), योगेश कुमारी (25), विनोद देवी (55) और विमला देवी (45) के तौर पर हुई है। वहीं, दिनेश (38) पुत्र नाहर सिंह और जयश्री (50) पत्नी विजेंद्र घायल हैं। उच्चैन सीओ अमित डोरिया ने कहा- चंबल योजना के खुदाई प्रोजेक्ट में उट्‌टू गांव के लोग चोरी छुपे मिट्‌टी लेने प्रोजेक्ट में उतर गए थे। बताया जा रहा है कि दो तीन लोगों को तुरंत गांव वालों को निकाल लिया था। फिलहाल 3 की मौत की जानकारी है। अब भी 2 लोगों का इलाज जारी- जिला कलेक्टर
भरतपुर कलेक्टर कमर-उल-जमान ने बताया- हादसे वाली साइट से 6 लोगों का रेस्क्यू किया था। इनमें से 4 लोगों को परिजन रास्ते में ही प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए। दो को आरबीएम हॉस्पिटल में डेड घोषित कर दिया। अब तक मिली जानकारी के अनुसार कुल 4 लोगों की मौत हुई है। दो का इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *