हरियाणा में मौसम बदल गया है। हिसार के हांसी में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। वहीं भिवानी और गुरुग्राम के मानेसर में बूंदाबांदी जारी है। इससे पहले महेंद्रगढ़ और चरखी दादरी में बारिश हुई। मौसम विज्ञान विभाग केंद्र चंडीगढ़ (IMD) के मुताबिक 3 जिलों अंबाला, यमुनानगर और करनाल में तेज बारिश हो सकती है। वहीं, पंचकूला और कुरुक्षेत्र में गरज चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। 14 जिलों, कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, पलवल, मेवात और फरीदाबाद में बूंदाबांदी की संभावना है। वहीं पिछले 2 दिनों से तेज बारिश न होने की वजह से बुधवार को हरियाणा का अधिकतम तापमान 2.9 डिग्री बढ़ गया। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ रही है। वहीं पंजाब के होशियारपुर में गुरुवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे घर की छत गिर गई, जिसमें पिता और 2 बेटियों की मौत हो गई। जबकि, पत्नी समेत 2 बेटियां घायल हैं। हरियाणा में सामान्य से ज्यादा बारिश हो चुकी
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार प्रदेश में 5 जुलाई तक मौसम में बदलाव होता रहेगा। इसकी वजह बंगाल की खाड़ी की तरफ से आ रही नम हवाएं हैं। इसके अलावा राजस्थान पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से अरब सागर की तरफ से भी नम हवाएं आने की संभावना है। इन मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ने की संभावना से राज्य में हवाओं व गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 2025 में अब तक औसतन 85.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। जो सामान्य 60.7 एमएम से काफी ज्यादा है। इस बार मानसून की एंट्री 5 दिन पहले होने के चलते अब तक बारिश सामान्य से अधिक हुई है। पंजाब में छत गिरी, परिवार मलबे में दबा
पंजाब में होशियारपुर के कस्बे टांडा में आज, गुरुवार सुबह बारिश की वजह से एक घर की छत गिर गई। इस घर में एक परिवार किराए पर रह रहा था। मलबे में यह परिवार दब गया। इसमें घर शंकर और उसकी दो बेटियों शिवानी और कविता की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी प्रियंका और 2 बेटियां घायल हैं। अस्पताल में भर्ती प्रियंका ने बताया कि उनका परिवार मजदूरी करता है। आज सुबह वह 5 बजे उठ गई थीं। उनकी छोटी बेटी भी साथ उठी। तकरीबन 5.30 बजे वह सीढ़ियां चढ़ रही थी, तभी छत गिर गई। परिवार अंदर सो रहा था, जो मलबे में दब गया। आसपास के लोगों ने आकर उन्हें मलबे से निकाला।