हरियाणा में आज से तीन दिवसीय मैंगो मेला शुरू होगा। 32वें मैंगो मेले का खुद मुख्यमंत्री नायब सैनी शुभारंभ करेंगे। इस मेले में हरियाणा के अलावा 5 राज्यों पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात और महाराष्ट्र के आम उत्पादकों और इस आप पर रिसर्च करने वालों को न्योता भेजा गया है। इसके अलावा हिसार के हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय और करनाल के बागवानी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक और विशेषज्ञ भी मेले में आएंगे। सरकार की तरफ से मेले में अंबाला, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, यमुनानगर के 1000 आम उत्पादकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। मेले में दो ग्राम से लेकर ढाई किलो तक के आम की किस्में आती हैं। हरियाणा में 33 साल पहले शुरू हुआ मैंगो मेला पिंजौर के यादवेंद्र गार्डन में आयोजित होने वाले मैंगो मेले का इतिहास बहुत समृद्ध है, इस मेले का आयोजन आज से 33 साल पहले शुरू हुआ। यानी 1992 से शुरू हुआ है। उस समय हरियाणा में भजन लाल सूबे के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने इस मेले में यूपी सहित दूसरे राज्यों को भी न्योता भेजा। यहीं से हरियाणा के इस खास मैंगो मेले की शुरुआत हुई। अब यहां पढ़िए हरियाणा के इस मैंगो मेले की खास होने की ये 4 वजहें… 1. उत्तर भारत में सिर्फ हरियाणा में ही लगता है ये मेला उत्तर भारत में हरियाणा में ही ये अंतरराज्यीय मैंगो मेला आयोजित किया जाता है। इस मेले में हरियाणा सहित दूसरे राज्यों को भी हर साल न्योता भेजा जाता है। इस बार इस मेले में उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब, उत्तराखंड राज्यों के आम उत्पादकों को न्योता भेजा गया है। सबसे खास बात यह है कि हरियाणा के भी 1000 आम उत्पादकों को सरकार की ओर से विशेष निमंत्रण दिया गया है। 2. सरकार आम उत्पादकों में से चुनती है आम केसरी हरियाणा सरकार भी इस मेले में आने वाले आम उत्पादकों को प्रोत्साहन देती है। दूसरे राज्यों सहित स्थानीय आम उत्पादकों को उनकी बेहतर फसल को लेकर नगद पुरस्कार देती है। इस बार सरकार की ओर से हरियाणा के आम उत्पादकों को आम रत्न और दूसरे राज्यों से पहुंचने वाले उत्पादकों को आम केसरी पुरस्कार देगी। प्रत्येक श्रेणी में 11-11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि भी दी जाएगी। 3. 850 आम की किस्मों की लगती है प्रदर्शनी हरियाणा के पिंजौर में लगने वाले इस मेले में आम की सैकड़ों किस्में देखने को मिलती हैं। 2024 में इस मैंगो मेले में 850 के करीब आम की विभिन्न किस्मों को देखने को मिला था। इस बार भी पूरी संभावना है कि मेले में 1000 के करीब आमों की किस्मों को देखने को मिलेगा। 4. मैंगो कंपटीशन भी कराती है सरकार पिंजौर के युजवेंद्र गार्डन में लगने वाले इस मैंगो मेले में आने वाले लोगों के लिए पर्यटन विभाग की ओर से दिलचस्प और अनोखी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है।, खास तौर पर स्कूली छात्रों के लिए जो बड़ी संख्या में भाग लेते हैं उनके लिए सरकार की ओर से आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम, क्राफ्ट बाज़ार और बहु-व्यंजन फूड कोर्ट लगाए गए हैं। लोगों के लिए मैंगो इटिंग जैसी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाता है।