यूपी के 35 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यूपी में मानसून सीजन में नदियां उफान पर हैं। ललितपुर में गुरुवार को एक एम्बुलेंस शहजाद बांध में गिर गई। ड्राइवर और मेडिकल स्टाफ ने कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने क्रेन की मदद से एम्बुलेंस को बाहर निकलवाया। सहारनपुर में बरसाती नदी में अचानक बाढ़ आ गई। इसमें ट्रैक्टर-ट्रॉली बह गई। ड्राइवर ने कूदकर जान बचाई। गोंडा में सरयू का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इसके चलते सड़क पर खड़ा बुलडोजर पानी में ही डूब गया। क्रेन से उसे निकाला गया। वाराणसी में गुरुवार सुबह गिलट बाजार पुलिस चौकी के सामने 20 फीट हाईवे अचानक धंस गया। इसमें एक युवक गिर गया। इसके अलावा, पुलिस की बैरिकेडिंग भी गिर गई। जैसे-तैसे आसपास के लोगों ने युवक को बाहर निकाला। गोंडा में ही भैंस की पूंछ पकड़कर सरयू नदी पार कर रहे एक 65 साल का बुजुर्ग बह गया। गुरुवार को दूसरे दिन भी उनका कुछ पता नहीं चला। फर्रुखाबाद में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया। यहां लोहिया सेतु पर पांचाल घाट पर खतरे का निशान 137.10 मीटर है। गंगा का जलस्तर 136.60 मीटर पर पहुंच गया। जलस्तर बढ़ने से कई बीघा फसलें जलमग्न हो गई हैं। बारिश से प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गंगा खतरे के निशान 84.73 मीटर से 8 मीटर नीचे बह रही है। फाफामऊ गेज पर गंगा 76.80 मीटर और नैनी गेज पर यमुना 75.58 मीटर पर पहुंच गई हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि वेदर सिस्टम फिलहाल दक्षिण की ओर ज्यादा सक्रिय है, इस वजह से यूपी में अच्छी बारिश हो रही है। 5 दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने आज, शुक्रवार को 35 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बाकी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 4 दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। 24 घंटे में 2.7 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा लखीमपुर खीरी में 245.9 मिमी बारिश हुई। पूरे प्रदेश की बात करें तो 2.7 मिमी बारिश हुई, जो कि सामान्य 5.7 मिमी से 53 प्रतिशत कम है। वहीं, एक जून से अब तक प्रदेश में 133.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जो कि सामान्य 122.5 मिमी से 18 प्रतिशत अधिक है। सम के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…