रेवाड़ी के डहीना में नायब तहसीलदार के रूप में नियुक्ति पाए रिंकू यादव की पोस्टिंग ने प्रदेश की सियासत गरमा दी है। विपक्षी दलों ने सोशल मीडिया पर उनके डेप्यूटेशन ऑर्डर की कॉपी साझा करते हुए सरकार से सवाल पूछने शुरू कर दिए हैं। हालांकि रिंकू यादव मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले हैं, लेकिन फिलहाल वे बिहार प्रशासनिक सेवा में कार्यरत हैं। वे बिहार के भोजपुर जिले के बारहारा अंचल में सर्कल ऑफिसर के पद पर तैनात थे। अब उन्हें हरियाणा सरकार के राजस्व विभाग में एक साल की अवधि के लिए नायब तहसीलदार (डहीना) के रूप में डेप्यूटेशन पर नियुक्त किया गया है, और उन्होंने पदभार भी संभाल लिया है। रिंकू यादव पर क्या सवाल हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी आदेश पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या हरियाणा में ऐसा कोई अधिकारी नहीं है जो यह जिम्मेदारी संभाल सके। आखिर इस अधिकारी पर यह विशेष मेहरबानी क्यों दिखाई जा रही है। राव दान सिंह की फेसबुक पोस्ट कांग्रेस नेता राव दान सिंह ने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि चपड़ासी हरियाणा के और नायब तहसीलदार बिहार के। दान सिंह ने कहा कि हरियाणा में अगर नायब तहसीलदार की कमी है तो नई भर्ती करनी चाहिए। अगर कमी नहीं है तो इसकी जांच होनी चाहिए, किसकी मेहरबानी से यह अधिकारी हरियाणा में आया है।