पूर्णिया में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया है। कैश, जेवरात, कीमती सामान समेत 5 लाख की चोरी हुई है। परिवार के सदस्य इलाज के लिए पटना गए थे। घटना के. हाट थाना क्षेत्र के प्रभात कॉलोनी वार्ड नंबर-30 की है। पीड़ित घनश्याम मेहता की पत्नी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि 24 जून को पति के इलाज के लिए पटना गई थी। रात में घर में सोने के लिए देवर आते थे। दिन में मेन डोर पर ताला लगाकर चले जाते थे। गुरुवार रात मेरे देवर घर पहुंचे तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। कमरे में रखा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी से 1 लाख 5 हजार कैश, 4 लाख के सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामान गायब थे। जिसके बाद शुक्रवार को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। CCTV फुटेज खंगाला जा रहा है के. हाट थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। जांच के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया है। आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।