चंडीगढ़ में लगातार 2 दिन मौसम साफ रहने और मानसून के हल्का पड़ने से लोगों को धूप-उमस से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन मौसम विभाग ने 6 से 9 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं शनिवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस बीच प्रशासन ने सुखना लेक के फ्लड गेट खोलने की रिहर्सल की है। क्योंकि लेक का जलस्तर खतरे के निशान से अब सिर्फ 4 फीट नीचे है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि 6 से 9 जुलाई के बीच एक बार फिर मानसून सक्रिय होगा। इन 4 दिनों में सामान्य बारिश के साथ-साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इससे शहरवासियों को फिर से जलभराव और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। सुखना लेक का जलस्तर 1159 फीट पहुंचा पिछले दिनों हुई भारी बारिश के बाद सुखना लेक का जलस्तर 1159 फीट तक पहुंच गया है, जबकि खतरे का निशान 1163 फीट पर है। इसे देखते हुए वीरवार दोपहर फ्लड गेट खोलकर उनकी स्थिति की जांच की गई। इंजीनियरों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में यह अभ्यास किया गया, ताकि आपात स्थिति में गेट तुरंत खोले जा सकें। गौरतलब है कि इससे पहले 12 जुलाई 2023 को जब शहर में 302 मिमी बारिश हुई थी, तब सुखना का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंचने पर फ्लड गेट खोले गए थे।