मुख्यमंत्री ने 7,468 ANM को दिया नियुक्ति पत्र:कहा- स्वास्थ्य केंद्रों में ANM की कमी महसूस की जा रही थी, अब बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था और बेहतर होगी

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय के संवाद भवन में आयोजित कार्यक्रम में 7468 महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (ANM) को नियुक्ति पत्र दिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से 5 ANM मोना कुमारी, नीलू कुमारी, अमृता कुमारी, प्रिया सिन्हा और रीमा कुमारी को नियुक्ति पत्र दिया। इस मौके पर उन्होंने सभी नई ANM को बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी महिला स्वास्थ्य कर्मियों के जुड़ने से बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था और बेहतर होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी ANM ईमानदारी और निष्ठा से अपने कर्तव्यों का पालन करेंगी। गांव-गांव तक स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगी। ANM की कमी महसूस की जा रही थी : CM मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। पहले भी बड़ी संख्या में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि बिहार के स्वास्थ्य उपकेंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ANM की कमी महसूस की जा रही थी। इनकी नियुक्ति से लोगों को समय पर टीकाकरण, प्रसव पूर्व देखभाल, नवजात शिशु की देखभाल जैसी जरूरी सेवाएं मिल सकेंगी। मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम में विकास आयुक्त सह स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री को पौधा भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की यह बड़ी उपलब्धि है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक सुहर्ष भगत, बिहार स्वास्थ्य सेवाएं और आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक निलेश देवरे सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *