‘आंखें फोड़ी, शरीर को पत्थर से बांध नदी में फेंका’:गोपालगंज में कार के लिए विवाहिता की हत्या पर बोले परिजन, जीजा का था अवैध संबंध

गोपालगंज में रविवार शाम 3 दिन से लापता महिला का शव सत्तर घाट के पास गंडक नदी से बरामद हुआ। 4 जुलाई की सुबह 6 बजे ससुर ने फोन कर महिला के परिजन को उसके घर से भाग जाने की सूचना दी थी। परिवार वाले जब ससुराल पहुंचे तो बेटी का कुछ पता नहीं चला। घर का सीसीटीवी भी 3 जुलाई की रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक बंद मिला। इसके बाद मृतका के पिता ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पिता जब अगले दिन थाने जाने के लिए निकले तो ससुराल वालों को गाड़ी में ट्रॉली रखकर भागते देखा। जिसके बाद उन्हें पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि पुलिस ने उन्हें थोड़ी ही देर बाद छोड़ दिया। 6 जुलाई को महिला के परिजन ने थाने में हत्या का मामला दर्ज करवाया। इसके बाद पुलिस ने शाम में नदी से शव बरामद कर लिया। मृतका की पहचान खोरमपुर गांव निवासी राजू सहनी की पत्नी ज्योति देवी(28) के रूप में हुई है। महिला की आंख फोड़ा, हाथ-पैर रस्सी से बांधे मृतका के पिता सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि 20 मई 2023 को ज्योति की शादी राजू सहनी से हुई थी। शादी के बाद दंपती को एक बच्चा हुआ, जो अब 7 माह का है। उन्होंने बताया कि मेरी बेटी की क्रूरता से हत्या की गई है। शव की स्थिति से पता चलता है कि उसकी आंखें फोड़ी गई। हाथ-पैर बांधकर उसके साथ मारपीट की गई। शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। बड़े पत्थर से बांधकर शव को नदी में फेंक दिया गया। पिता ने बताया कि शादी में अपनी क्षमता के अनुसार दान दहेज दिया था। इसके बावजूद ज्योति के ससुराल वालों का लालच कम नहीं हो रहा था। वो लोग कार की मांग कर रहे थे, नहीं देने की वजह से ज्योति के साथ मारपीट कर उसे प्रताड़ित करते थे। ससुर ने घर से भागने की दी थी सूचना 4 जुलाई को उसके ससुर शंभू सहनी ने फोन कर बताया कि आपकी बेटी भाग गई है। इसके बाद हमलोग ससुराल पहुंचे और महमदपुर थाने में पहले गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया। इसके बाद सूचना मिली कि एक लाश मिली है, जब वहां जाकर देखे तो वो अफवाह निकली। इसी बीच जब थाने पर पता लगाने जा रहे थे, तो कार पर सवार होकर सास-ससुर, जेठ-जेठानी भाग रहे थे। इसके बाद उन्हें पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। हालांकि, ससुर के मुखिया होने के कारण महमदपुर थाने की पुलिस ने थोड़ी ही देर में सभी को छोड़ दिया। वहीं, हमारे कुछ लोगों को महमदपुर थाना की पुलिस और ज्योति के ससुराल के कुछ लोगों ने पकड़ लिया। इसके बाद थाना ले जाकर उनके साथ मारपीट की गई। पति पर अवैध संबंध का आरोप मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि ज्योति का पति किसी अन्य महिला से अवैध संबंध रखता था। वह अक्सर घर से गायब रहता था और रात भर फोन पर बात करता था। विरोध करने पर ज्योति के साथ मारपीट करता था। साथ ही, दहेज में कार की मांग कर रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि लापता महिला का शव नदी से बरामद हुआ है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। महिला के पति को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला लग रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रहा है और दोषियों को स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *