सारण के गरखा थाना क्षेत्र में सोमवार को भैसमारा गांव के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गरखा निवासी संजय कुमार के रूप में हुई। घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने बताया कि संजय अपनी बाइक से गरखा से छपरा दवा लेने जा रहे थे। तभी भैसमारा गांव के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में संजय के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने घायल युवक को छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में पहचान पत्र न होने से उनकी पहचान नहीं हो सकी। करीब चार घंटे बाद घटनास्थल पर मिली बाइक से स्थानीय लोगों ने संजय की पहचान की और परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने बताया कि संजय परिवार का मुख्य सहारा थे। उनकी अचानक मौत से परिवार में शोक की लहर है। चालक की तलाश में जुटी पुलिस भगवान बाजार थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश कर रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग की है।