चंडीगढ़ में एक रात में 2 मर्डर कर दिए गए। दोनों मर्डर करने वाले हमलावर फरार हैं। अभी तक एक भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। दोनों ही मर्डर तेजधार हथियारों से किए गए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में हत्या की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पहला मामला: रामदरबार का है जहां एक सेक्टर-25 के रहने वाले रमन चड्डा और उसके साथ तुषार पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया गया, जिसमें दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए सेक्टर-32 अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां रमन चड्डा की मौत हो गई और दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। मामले में पुलिस स्टेशन-31 ने हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है, मगर अभी तक पुलिस हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। वहीं, पुलिस आसपास चेक कर रही है कि किसी के घर के बाहर लगा कोई सीसीटीवी मिल जाए जिसमें आरोपियों का सुराग हाथ लग जाए। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। दूसरा मामला : गांव मलोया का है, जहां मलोया-मोहाली बॉर्डर पर सोमवार रात 19 साल के देवा की हत्या कर दी गई। देवा स्कूटी रिपेयर करवाने दुकान पर गया था, तभी चार युवकों और एक महिला ने उस पर हमला कर दिया। ईंटों और चाकू से वॉर कर उसे मौत के घाट उतार दिया। साथ मौजूद विनय और आकाश को भी गंभीर चोटें आईं। दोनों जीएमएसएच-16 में भर्ती हैं। देवा झामपुर का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, देवा और आरोपियों के बीच 6 जुलाई को झामपुर में झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को धमकियां दी थीं। लोगों के बीच-बचाव से मामला शांत हो गया था। लेकिन कल्लू, रामा और पम्मी ने रंजिश रखी। सोमवार को मौका पाकर देवा पर हमला कर दिया।