सोनीपत के गोहाना क्षेत्र में शादी समारोह में दूल्हे और बारातियों के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इसको लेकर नव नवेली दुल्हन ने मौसेरे भाई भाभी समेत कई लोगों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी थी। रविवार को गांव खंदराई में हुई इस घटना में कई लोग घायल हुए थे। साथ ही दूल्हा-दुल्हन की वरमाला व शादी की रस्में भी अस्पताल में ही करनी पड़ी। दुल्हन पुष्पा ने अपनी शिकायत में मौसेरे भाई प्रवीण, उसकी पत्नी प्रेम देवी, भाई विशाल और प्रेम देवी के मामा समेत कई लोगों पर मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। ऑटो चालक निकला मुख्य आरोपी शिकायत में जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनमें मुख्य नाम प्रवीण का है, जो पेशे से ऑटो चलाता है। वह पलवल जिले के गांव तागा फतेहपुर का रहने वाला बताया गया है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है। वह दुल्हन का मौसेरा भाई है। दूल्हे की गोहाना अस्पताल में कराई गई शादी घटना के बाद मारपीट में घायल दूल्हे रोहन को गोहाना सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मरहम पट्टी के बाद दुल्हन पुष्पा के साथ वहीं पर एम्बुलेंस के सामने वरमाला पहनाकर शादी गईं। जिससे दोनों परिवारों में थोड़ी राहत देखने को मिली। शिकायत में लगाए ये गंभीर आरोप दुल्हन पुष्पा ने बताया कि शादी के दिन दूल्हा रोहन, उसका भाई सागर और बहन कामिनी को निशाना बनाकर हमला किया गया। इस दौरान मारपीट करने वालों ने दूल्हे की ₹51,000 की माला, मंगलसूत्र और चेन तोड़ दी। इसके अलावा गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की गई। दुल्हन के अनुसार हमलावरों ने न केवल शादी रोकने की कोशिश की, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। यह सब उस समय हुआ जब शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं और बारात स्थल पर पहुंच चुकी थी। पुलिस जांच में जुटी गोहाना सिटी थाना पुलिस ने सभी आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की बात कही जा रही है।