छात्रों ने लोगों की खान-पान की आदतों, जरूरतों, पसंद जानने को सर्वे भी किया

भास्कर न्यूज। लुधियाना गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ फिशरीज ने राष्ट्रीय मत्स्य पालक दिवस के उपलक्ष्य में सप्ताह भर की गतिविधियां शुरू की हैं। यह दिवस कल मनाया जाएगा। पहली गतिविधि के रूप में एक अभियान चलाया गया। इसका विषय रखा गया मछली भोजन का लें आनंद, भोजन की थाली बनाएं सेहतमंद। इस अभियान में छात्रों और टीचरों ने अलग-अलग स्थानों पर जाकर मछली खाने के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि मछली में प्रोटीन, आवश्यक अमीनो एसिड, ओमेगा एसिड, सुपाच्य वसा, कैल्शियम, जिंक, आयरन, आयोडीन और कई विटामिन भरपूर मात्रा में होते हैं। मछली हर उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद है। दूसरी गतिविधि का विषय था स्वस्थ भोजन-स्वस्थ लोग-स्वस्थ विश्व। इसके तहत छात्रों और टीचरों ने विभिन्न संस्थानों, बाजारों और दुकानों में जाकर लोगों को जागरूक किया। कॉलेज के छात्र पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, वेटरनरी यूनिवर्सिटी, पामेटी, अटारी और पीएयू के सरकारी स्मार्ट स्कूलों में भी पहुंचे। वहां उन्होंने लोगों को मछली के सेवन के फायदे बताए। छात्रों ने लोगों की खान-पान की आदतों, जरूरतों और पसंद को जानने के लिए सर्वे भी किया। साथ ही मछली की खपत बढ़ाने के लिए पर्चे बांटे। ताकि खपत बढ़ने से मत्स्य पालकों को आर्थिक लाभ मिल सके। यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *