मुजफ्फरपुर में गन पॉइंट पर गल्ला कारोबारी के दुकान से 1.5 लाख की लूट हुई है। दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने एक राउंड फायरिंग भी की है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। घटना मनियारी थाना क्षेत्र के मुरौल गांव के पास की है। दहशत फैलाने के लिए फायरिंग पीड़ित मनोज कुमार(43) ने बताया कि रात 8 बजे के करीब अपनी दुकान पर था। इस दौरान रात 8 बजे के करीब बाइक सवार छह अपराधी पहुंचे। सभी हथियार से लैस थे। कुछ ने चेहरा कवर कर रखा था। हथियार के बल पर मुझे और स्टाफ को बंधक बना लिया। पैसा मांगने पर थोड़ी नोकझोंक हुई। जिसके बाद एक राउंड फायरिंग कर दी। डर से बता दिया कि पैसा कहां रखा है। काउंटर से 1.5 लाख लेकर सभी फरार हो गए। जाते समय शटर गिरा दिया। साथ ही बाइक की चाबी भी ले लिया। जिसके बाद मनियारी थाने को सूचना दी गई। कुछ देर बाद थानाध्यक्ष देवब्रत कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से एक खोखा मिला है। CCTV खंगाला जा रहा है थानाध्यक्ष देवब्रत कुमार ने बताया, ‘दुकानदार को आवेदन देने के लिए बोला गया है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’