भोजपुर में 5 साल के बच्चे को जहरीले बिच्छू ने काट लिया। तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना चरपोखरी थाना क्षेत्र के मनैनी टोला गांव की है। मृतक की पहचान अमरजीत बिंद के पुत्र निर्भय कुमार(5) के तौर पर हुई है। परिजनों ने बताया, ‘निर्भय अपनी मां मुन्नी देवी के साथ कमरे में सोया हुआ था। अचानक बिच्छू ने डंक मार दिया। बच्चे की हालत तुरंत बिगड़ गई, मुंह से झाग निकलने लगा। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने बहुत कोशिश कि, लेकिन उसकी मौत हो गई।’ घर में मचा कोहराम परिजनों के मुताबिक सबकुछ इतनी तेजी से हुआ कि किसी को कुछ समझ में नहीं आया। जब तक बच्चा अस्पताल पहुंचा, तब तक उसकी हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी। अपनी इच्छा से शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाया। निर्भय तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दो बड़े भाई रवि किशन और शिव शंकर हैं। पिता अमरजीत बिंद और मां मुन्नी देवी इस हादसे से पूरी तरह टूट गए हैं। घर में मातम का माहौल है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। लोग अपने-अपने घरों में बच्चों को लेकर सतर्क हो गए हैं। बिस्तर, कमरे की जांच करने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में बिच्छू और अन्य जहरीले कीड़ों की संख्या बढ़ जाती है। जिससे बच्चों और बुजुर्गों को खतरा रहता है।