‘यह लोकतंत्र है, हम अंग्रेजों से लड़ाई नहीं लड़ रहे’:जनसुराज के प्रदर्शन पर पुष्पम प्रिया चौधरी ने पीके को घेरा, बोलीं- संयम बरतना जरूरी है

दरभंगा में द प्लुरल्स पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी के पिता प्रो. विनोद कुमार चौधरी की द्वितीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें पार्टी के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता समेत हजारों लोग शामिल हुए। मीडिया से बातचीत में कई मुद्दों पर अपनी राय रथी। साथ ही जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर जमकर हमला बोला। पटना में बुधवार को विधानसभा घेरने जा रहे जनसुराज कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस मुद्दे पर पुष्पम प्रिया चौधरी ने कहा, ‘सभी को अपनी मर्यादा में रहकर काम करना चाहिए। यह लोकतंत्र है, हम अंग्रेजों से लड़ाई नहीं लड़ रहे हैं। उपद्रव की जरूरत नहीं है। जो खुद को पढ़ा-लिखा नेता बताते हैं, उन्हें ऐसी हरकतों से बचना चाहिए। सरकार की भी जिम्मेदारी है कि लाठीचार्ज जैसी घटनाओं से बचा जाए। यह लोकतंत्र है, अंग्रेजों का शासन नहीं कि लाठीचार्ज से समस्या का समाधान निकाला जाए। बिहार की छवि पहले से ही खराब हो चुकी है। ऐसे में कोई भी ऐसा माहौल न बनाए जिससे और बदनामी हो। अगर पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो यह भी गलत है। पहले समझाने की कोशिश होनी चाहिए। लाठीचार्ज लोकतंत्र का हिस्सा नहीं है, दोनों तरफ से संयम बरतना जरूरी है। रोड पर प्रदर्शन करने से जनता परेशान होती है प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए आगे कहा, ‘गांधी मैदान में जाकर बैठ जाते हैं तो यह कानून तोड़ना है। पटना में धरने के लिए गर्दनीबाग तय है। सड़क या किसी मैदान पर जाकर बैठना आम जनता के लिए परेशानी खड़ी करता है। प्रशांत किशोर जी हमेशा अपना टेंपर लूज करते हैं। चाहे डीएम, एसपी से बात कर रहे हो या महिला पत्रकार से। अगर उन्हें नेता बनना है तो पहले संयम रखना सीखना चाहिए।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *