शिमला में शुक्रवार शाम करीब पौने पांच बजे एक विशालकाय देवदार का पेड़ धारीवाल हाउस पर गिर गया। पेड़ गिरने से घर की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके साथ ही एक गाड़ी और पानी की टंकी भी चपेट में आ गई। घटना फागली क्षेत्र की है। पेड़ के गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। देवदार के हरे पेड़ की टहनियां घर की छत को चीरते हुए अंदर तक घुस गईं। इससे छत को काफी नुकसान पहुंचा है। घर के पास पार्क की गई गाड़ी के शीशे पूरी तरह चकनाचूर हो गए। साथ ही पांच हजार लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी भी क्षतिग्रस्त हो गई। जिस घर पर पेड़ वहां 10 परिवार रह रहे
वर्तमान में इस घर में 10 परिवार रह रहे हैं। सौभाग्य से इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद कल्याण धीमान मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पेड़ के कटान के लिए वन विभाग को सूचित किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस पेड़ के कटान के लिए पहले ही आवेदन किया गया था। नगर निगम की ट्री कमेटी ने भी मौके का निरीक्षण किया था, लेकिन पेड़ का कटान नहीं हो पाया था। वार्ड पार्षद कल्याण धीमान ने बताया कि पेड़ गिरने से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।