हिमाचल में मंत्री को काले-झंडे दिखाए, गाड़ी पर जूता फेंका:57 लोगों पर FIR, भाजपा का एतराज, बिंदल बोले- जनता की आवाज दबाई जा रही

हिमाचल के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की गाड़ी पर जूता फेंकने, काले झंडे दिखाने व रास्ता रोकने के आरोप में पुलिस ने 57 लोगों FIR की है। पुलिस ने इस संदर्भ में सराज के जंजैहली थाना में 3 मामले दर्ज किए है। BJP ने पुलिस की इस कार्रवाई पर कड़ा एतराज जताया है। मुरारी लाल नाम के व्यक्ति पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 351 और 352 के तहत मामला दर्ज किया है। इन पर मंत्री को धमकाने, शांति भंग करने और अपमानित करने के आरोप है। अन्य लोगों पर रास्ता रोकने को लेकर मामला दर्ज किया गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा, कांग्रेस सरकार ने सराज विधानसभा के आपदा प्रभावितों के गहरे जख्मों पर नमक छिड़का है। राजस्व मंत्री मंडी जाकर हॉर्टिकल्चर कालेज को शिफ्ट करते हैं और जनता जब इसका विरोध करती है तो उन पर FIR कर रही है। उन्होंने कहा, 57 लोगों पर मामला दर्ज करके यह बता दिया कि जनता की आवाज दबाने के लिए कांग्रेस किसी भी हद तक जा सकती है। डॉ. बिंदल ने कहा, निकम्मी सरकार जनता की सेवा नहीं कर रही, उल्टा जनता के ऊपर टैक्स का बोझ डाला जा रहा है। उनकी पेरशानियां बढ़ाई जा रही है। बीजेपी इसका निंदा करती है। उन्होंने कहा, यह केवल मंडी में ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में हो रहा है। इसी मसले पर कुछ देर में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सत्तपाल सत्ती भी शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *