पटना | होटल मौर्या में शनिवार शाम एडवांटेज डायलॉग-मैं हूं बिहार (एपिसोड-7) का आयोजन किया गया। विषय था-कन्वर्जेंट मीडिया एंड बिहार : माजी से मुस्तकबिल तक। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है। अब राज्य तेजी से बदल रहा है। बिहार के बिना भारत का विकास अधूरा है। निजी क्षेत्र को प्रोत्साहित करना जरूरी है, तभी राज्य और देश आगे बढ़ेगा। नालंदा विवि का उद्घाटन हो चुका है। पटना में एक करोड़ यात्रियों की क्षमता वाला नया एयरपोर्ट बनकर तैयार है। दरभंगा में भी हवाई सेवा शुरू हो चुकी है। कार्यक्रम का आयोजन एडवांटेज सर्विसेज ने एसबीआई, रूबन हॉस्पिटल और इंटेनेक्स्ट सॉल्यूशन के सहयोग से किया। एडवांटेज सर्विसेज के सीईओ खुर्शीद अहमद ने बताया कि इससे पहले 6 एपिसोड में स्वास्थ्य, शिक्षा, कला, सड़क सुरक्षा आदि विषयों पर संवाद हो चुका है। संवाद में मीडियाकर्मी मणिकांत ठाकुर, मारिया शकील, पाणिनी आनंद, बृजमोहन सिंह, डॉ. रंजना और डॉ. सत्यजीत सिंह ने विचार साझा किए। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार श्रीकांत, अशरफ फरीद, केके सिंह व विकास झा को सम्मानित किया गया।