10 साल के बच्चे को अगवा कर 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी

गर्दनीबाग के ढक्कनपुरा के रहने वाले 10 साल के बच्चे को बदमाशों ने शुक्रवार की रात अगवा कर लिया। इसके बाद उसके पिता सोनू कुमार सिंह को फोन कर 10 लाख की फिरौती मांगी। घटना की जानकारी गर्दनीबाग पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी करने लगी। जिस मोबाइल नंबर से फिरौती मांगी गई थी, उसका लोकेशन लिया जाने लगा। तभी रात करीब 12 बजे बदमाशों ने बच्चे को बापू टावर के पास छोड़ दिया। डरा-सहमा बच्चा वहां से अपने घर पहुंचा। इस बीच पुलिस ने अपहरण के आरोप में अनीस सहित दो युवकों को गिरफ्तार किया है। शेष तीन की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस की हिरासत में तीन संदिग्ध हैं। तीनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने एक की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। बच्चे के पिता सोनू कुमार ने कहा कि वह संपतचक में थे। रात करीब 8 बजे उनके पड़ोस का एक युवक कुत्ता टहलाने निकला था। उनका बेटा भी उसके साथ हो लिया। दोनों कच्ची तालाब तक चले गए। तभी एक कार से दो लड़के आए और बच्चे को कार में बिठा लिया। कार अनीस चला रहा था। वह पड़ोस का था इस कारण उनका बेटा कार में बैठ गया। सोनू ने कहा कि उनकी प|ी ने फोन किया कि बेटा अबतक घर नहीं लौटा है। कुछ देर बाद ही उनके पास अपहर्ता का फोन आया। उसने कहा-तुम्हारा बेटा मेरे पास है। 10 लाख की फिरौती दो, तब बच्चे को छोड़ देंगे। 10 दिन से प्लानिंग कर रहा था अनीस पुलिस ने अपहर्ता के मोबाइल को ट्रेस किया तो उसका लोकेशन बिहटा आया। अनीस बिहटा के बिशनपुरा का रहने वाला है। इधर, बच्चे के पिता ने अपहर्ता से कहा कि 10 लाख रुपए की व्यवस्था कर ली है। पुलिस के कहने पर अपहर्ताओं को झांसा दिया जा रहा था। कुछ देर बाद अपहर्ताओं का लोकेशन सरारी गुमटी के पास आने लगा। पुलिस घेराबंदी करने लगी। पुलिस को पता चल गया कि अनीस ने ही साजिश रची है। उसके परिजनों को पूछताछ के लिए उठाया गया। इधर बदमाशों ने बच्चे को बापू टावर के पास छोड़ दिया। तभी पुलिस ने खदेड़कर अनीस को पकड़ लिया। जांच में यह बात आई कि अनीस बच्चे के अपहरण की साजिश 10 दिन से रच रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *