लखनऊ में एक सिपाही की पत्नी ने सुसाइड कर लिया। फांसी लगाने से पहले महिला ने 2 वीडियो बनाए। जिसमें उसने अपने पति, जेठ और बहनोई पर मारने-पीटने का आरोप लगाया है। कहा, परिवार वाले पति की दूसरी शादी करना चाहते हैं। इसलिए प्रताड़ित कर रहे हैं। उसने अंत में यह भी कहा, अब उम्मीद नहीं बची है। किसी को छोड़ा न जाए। आरोपी सिपाही की तैनाती बख्शी का तालाब (BKT) थाने में है। वह मैनपुरी का रहने वाला है। महिला हाल ही में मायके से लखनऊ रहने आई थी। थाने के पास ही दोनों किराए के मकान में रह रहे थे। जहां महिला ने रविवार को कमरे में दुपट्टे के सहारे लटककर जान दे दी। शादी से पहले भी दोनों लखनऊ में साथ रहते थे। लेकिन शादी की बात पर सिपाही मुकर गया था। जिस पर लड़की ने रेप केस दर्ज कराया था। दबाव में आकर सिपाही ने 7 महीने पहले जनवरी, 2025 में उससे मैनपुरी के मंदिर में शादी कर ली थी। 3 फोटो देखिए… जीजा PAC में, जेठ वकील, कहते हैं- बचा लेंगे
सौम्या ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर 2 वीडियो अपलोड किए हैं। जिसमें रोते हुए कह रही हैं, “ये लोग दूसरी शादी कराना चाहते हैं। जीजा संजय रायबरेली में पीएसी में है। वहीं भाई रणजीत एडवोकेट है। कहते हैं कि इसे बचा लेंगे। ये लोग मुझे टॉर्चर करवाते हैं। ये लोग मारते-पीटते हैं। दहेज के लिए भी परेशान करते हैं। अगर मैं मर जाऊं तो मेरी एक ही प्रार्थना है कि इन लोगों को भी नहीं छोड़ा जाए। योगी और मोदी जी कहते हैं कि बेटियां पढ़ाओ-बेटियां बचाओ, लेकिन बेटियां कहीं सुरक्षित नहीं हैं। कुछ नहीं होता इन लोगों का, कोई न्याय नहीं है। इन लोगों के पैसा है कुछ भी कर सकते हैं। मैं थाने भी गई, हर जगह जाकर थक गई। मुझे टॉर्चर करके मरने पर मजबूर कर दिया है।” सौम्या ने इंस्टाग्राम पर हरितालिका तीज से कुछ घंटे पहले एक और वीडियो पोस्ट किया। जिसमें उसने हाथों पर मेंहदी लगाए हुए दिखा रही है। वहीं बैकग्राउंड में सैयारा फिल्म का गाना बज रहा है। इसके अलावा एक अन्य वीडियो में सौम्या रोते हुए नजर आ रही हैं। साथ ही वह अपने चेहरे और हाथ पर लगे घाव दिखा रही हैं। सौम्या ने रोते हुए और उदास कई वीडियो अपलोड किए हैं। सिपाही BKT थाने में ईगल मोबाइल में तैनात
जानकारी के अनुसार, सौम्या कुछ दिन पहले ही अपने मायके से आई थी। यहां दोनों लालता सिंह के मकान में किराए पर रहते थे। वर्तमान में अनुराग BKT थाने पर ईगल मोबाइल में तैनात हैं। पुलिस ने मामले की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी है। परिजन मैनपुरी से लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। सौम्या और अनुराग की मैनपुरी में हुई थी मुलाकात सिपाही अनुराग मैनपुरी में किशनी थाना क्षेत्र में जगदीशपुर गांव का रहने वाला है। सौम्या के मुताबिक, वह अनुराग को 2021 से जानती थी। दोनों की पहली मुलाकात अनुराग के दीदी के यहां हुई थी। अनुराग के दीदी का घर मैनपुरी में पुसौना रोड पर है, जहां सौम्या किराए के मकान में रहती थी। सौम्या के मुताबिक, 2022 में शादी का झांसा देकर अनुराग लखनऊ ले अया। बाद में शादी से इनकार कर दिया। 2022 में सिपाही पर दुष्कर्म का केस दर्ज कराया
सौम्या ने मैनपुरी की सदर कोतवाली में 2022 में सिपाही अनुराग के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि अनुराग ने शादी का वादा कर उसके साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। बाद में शादी से मुकर गया। इस मामले में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर न्यायालय में प्रस्तुत की थी। मामला कोर्ट में विचाराधीन था। जनवरी 2025 में फिर पहुंची थी कोतवाली
इसी साल जनवरी में सौम्या फिर से कोतवाली पहुंची। उसने दावा किया है कि अनुराग ने पहले शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और अब उस पर मुकदमे में समझौता करने का दबाव बना रहा है। जब उसने इसका विरोध किया, तो सिपाही ने उसके घर में घुसकर तोड़फोड़ की और फिर से दुष्कर्म किया। उसने मीडिया से बताया था- सिपाही अनुराग उसे शादी से पहले लखनऊ में ले जाकर साथ रखा। अब जब शादी करने के लिए वह कह रही है तो उसे धमकी दे रहा है। इस बार कोतवाली पहुंचने के बाद अनुराग ने दबाव में आकर उससे मंदिर में शादी कर ली। शादी के बाद चर्चाएं तेज हो गई हैं कि यह शादी मुकदमे के डर से हुई थी। ADCP बोले- कार्रवाई की जाएगी
मामले में ADCP नॉर्थ ने मामले की जांच कराने की बात कही है। उन्होंने यह भी बताया- शिकायत मिली है। कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बक्शी का तालाब थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए सौम्या के मैनपुरी स्थित मायके में परिजनों को सूचना दे दी। मुकदमा दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जाएगी। ———————– ये खबर भी पढ़िए… लखनऊ में थार ड्राइवर को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा..VIDEO:ईंट-लाठी से गाड़ी तोड़ी, पुलिस तमाशबीन बनी रही; लोग बोले- आए दिन गुंडई करते हैं राजधानी लखनऊ के पारा इलाके में दबंगों की खुलेआम गुंडई का एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। रविवार दोपहर बीच सड़क पर कुछ युवकों ने एक थार गाड़ी को रोककर पहले चालक की बेरहमी से पिटाई की। फिर गाड़ी को ईंट से बुरी तरह से तोड़ डाला। गाड़ी के शीशे चकनाचूर कर दिए। इससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। (पूरी खबर पढ़िए)