एग्जाम पास करना ही नौकरी की गारंटी नहीं:अब कितने गुना उम्मीदवार बुलाएंगे, ₹62 हजार तक सैलरी; ऐसे 15 सवालों के जवाब जानिए

हरियाणा में दो दिन 26 और 27 जुलाई को कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) का एग्जाम पूरा हो गया। प्रदेश में 13.48 लाख युवाओं ने ग्रुप C पदों पर भर्ती की पात्रता के लिए रखी गई इस परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की ओर से आधिकारिक आंकड़ा अभी आना बाकी है कि कितने युवाओं ने परीक्षा दी। यह आंकड़ा 90 फीसदी से अधिक रहने की उम्मीद है। अभी सभी निगाहें CET की आंसर-की पर लगी हैं। आयोग इसे दो से तीन दिन में जारी कर सकता है। उसके बाद रिजल्ट का इंतजार रहेगा। तीन साल बाद हुए CET को लेकर इस बार युवाओं का काफी क्रेज दिखा। हालांकि, CET पास करना ही सरकारी नौकरी मिलने की गारंटी नहीं है। यह सिर्फ ग्रुप-सी पदों के लिए होने वाली भर्ती की पात्रता देता है। पहले CET पास कर चुके कितने अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी मिली है, ऐसे ही कई सवाल युवाओं को दिमाग में हैं। इनके जवाब दैनिक भास्कर ने हरियाणा के सीईटी स्पेशलिस्ट (एक्सपर्ट) दीपक लाठर से लिए। हरियाणा में ग्रुप सी और डी की नौकरी के लिए सीईटी पास करना अनिवार्य है, इस एग्जाम को पास किए बिना आप इन ग्रुपों की नौकरी के लिए अप्लाई करने के लिए पात्र नहीं हो सकते। पढ़िए उन 15 सवालों पर एक्सपर्ट के जवाब, जिन्हें आप जानना चाहते हैं… 1. सवाल: क्या सीईटी पात्रता ग्रुप सी व डी की नौकरी मिलने की गारंटी है?
जवाब: हरियाणा सीईटी सिर्फ कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट है, जो हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) द्वारा आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य ग्रुप सी और डी पदों के लिए उम्मीदवारों की योग्यता का आकलन करना है। सीईटी पास करने का मतलब यह नहीं है कि आपको नौकरी मिल जाएगी। सीईटी नौकरी पाने का एक स्टार्टिंग फेज है। इसके बाद, उम्मीदवारों को संबंधित विभागों द्वारा आयोजित की जाने वाली सिलेक्शन प्रोसेस जैसे रिटेन एग्जाम, स्किल टेस्ट आदि में पार्टिसिपेट करना होता है। 2. सवाल: अभी तक कितनों ने सीईटी पास किया और कितनों को नौकरी मिली?
जवाब: हरियाणा में सीईटी की शुरुआत 2022 में हुई थी। ग्रुप सी पदों के लिए प्रदेश में पहली बार आयोजित सीईटी में कुल 7 लाख 73 हजार 572 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से तीन लाख 57 हजार 930 अभ्यर्थी पास हुए थे। इसके बाद सरकार की ओर से करीब 50 हजार नौकरियों के लिए आवेदन मांग चुकी है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित CET परीक्षा के माध्यम से, उम्मीदवारों को विभिन्न सरकारी विभागों में ग्रुप डी के पदों पर नियुक्ति दी जाती है। 2023 में, 7,596 पदों के लिए भर्ती की गई थी, और परिणाम के अनुसार, इन पदों के लिए इतने ही युवाओं का चयन हो चुका है। उससे पहले भी करीब 15 हजार युवाओं को नौकरी मिल चुकी है। 3. सवाल: सीईटी की पात्रता कितने साल की रहती है?
जवाब: तीन साल की पात्रता रहती है। जिस दिन से ये रिजल्ट घोषित होता है उसी दिन से इसको काउंट किया जाता है। 4. सवाल: आपके CET स्कोर से कौन-कौन से पद मिल सकते हैं। इसका टूल क्या है?
जवाब: करीब 100 से ज्यादा विभागों में भर्तियां होती है। जैसे क्लर्क, पटवारी, ग्राम सचिव, पुलिस कॉन्स्टेबल, स्टेनोग्राफर, सहायक और अन्य प्रशासनिक पदों सहित कई ग्रुप सी और ग्रुप डी श्रेणियों में शामिल किया जा सकता है। हरियाणा CET पास करने वाले उम्मीदवारों के पास वैध CET स्कोरकार्ड होगा और वे HSSC द्वारा विज्ञापित ग्रुप C और ग्रुप D पदों के लिए पात्र होंगे। 5. सवाल: नियुक्ति की पात्रता का फॉर्मूला क्या रहेगा?
जवाब: हरियाणा सीईटी के तहत सरकारी नौकरियों के लिए पात्रता मानदंड में, उम्मीदवारों को ग्रुप सी पदों के लिए 12वीं पास होना चाहिए। हालांकि ग्रुप सी के कुछ पद ऐसे भी हैं, जिनमें ग्रेजुएशन मांगी गई है। ग्रुप डी पदों के लिए 10वीं पास होना चाहिए। आयु सीमा 18 से 42 वर्ष है, जिसमें आरक्षित वर्गों को छूट दी गई है। 6. सवाल: ग्रुप सी व डी में कितने पद रिक्त हैं?
जवाब: हरियाणा में ग्रुप सी व डी में करीब 50 हजार सरकारी पद खाली पड़े हैं। पुलिस भर्ती भी इन्ही दोनों ग्रुपों के तहत हरियाणा में की जाती है। एग्जाम के बाद हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन 5600 पुलिस भर्ती का नया विज्ञापन निकालने जा रही है। एग्जाम से पहले सरकार की मंजूरी के बाद इन भर्तियों का विज्ञापन आयोग की ओर से रद कर दिया गया था। 7. सवाल: ग्रुप सी व डी में कितना वेतनमान रहता है?
जवाब: हरियाणा में ग्रुप सी और डी पदों के लिए वेतनमान अलग-अलग होता है। ग्रुप D पदों के लिए वेतनमान ₹27,000 से ₹30,000 प्रति माह तक होता है, जबकि ग्रुप C में क्लर्क के पद के लिए वेतनमान ₹32,000 से ₹35,000 प्रति माह तक होता है। ग्रुप C के उच्च पद के लिए ₹58,000 से ₹62,000 प्रति माह तक होता है। इसके अलावा, दोनों ग्रुप के कर्मचारियों को उनके मूल वेतन के अलावा, हाउस रेंट अलाउंस (HRA), महंगाई भत्ता (DA), और यात्रा भत्ता (TA) जैसे अतिरिक्त भत्ते भी मिलते हैं. 8. सवाल: इसमें रिजर्वेशन का क्या फॉर्मूला रहेगा?
जवाब: हरियाणा कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) में रिजर्वेशन का फॉर्मूला, सरकार के नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार लागू होता है। इसमें, अनुसूचित जातियों (SC), पिछड़े वर्गों (BC), आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (EWS), और अन्य आरक्षित श्रेणियों के लिए कुछ प्रतिशत सीटें आरक्षित होती हैं। इसके अलावा, भूतपूर्व सैनिकों और खिलाड़ियों के लिए भी आरक्षण का प्रावधान है। इसके अलावा, हरियाणा सीईटी में, बाहरी राज्य के उम्मीदवारों को केवल सामान्य श्रेणी में माना जाएगा और उन्हें आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा। 9. सवाल: एग्जाम के बाद आंसर-की कब तक जारी होगी?
जवाब: हरियाणा सीईटी का एग्जाम 26 और 27 जुलाई को दो-दो शिफ्टों के साथ खत्म हो चुका है। हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के चेयरमैन हिम्मत सिंह यह स्पष्ट कर चुके हैं कि दो-तीन दिन के भीतर ही एग्जाम की आंसर- की आयोग जारी कर सकता है। इसके अलावा एक महीने के भीतर ही एग्जाम का रिजल्ट भी घोषित किया जा सकता है। 10. सवाल: अलग-अलग कैटेगरी में कट ऑफ कितनी जा सकती है? पिछले CET में कितनी गई थी?
जवाब: सीईटी एक्सपर्ट ने बताया कि हरियाणा में सीईटी के प्री कैटेगरी में कोई कट ऑफ नहीं होती है। इस फेज में सामान्य श्रेणी के अभ्यर्थी के लिए 50 नंबर और आरक्षित वर्ग के लिए 40 नंबर आना जरूरी है। इसके बाद विभाग के स्तर पर होने वाले दूसरे एग्जाम यानी मेंस में जो भी दिशा निर्देश तय किए जाते हैं उसी के अनुरुप कट ऑफ बनाई जाती है। 11. सवाल: ग्रुप-C की भर्ती कैसे होगी? CET पास करने वालों को बुलाने का क्राइटेरिया क्या रहेगा?
जवाब: हरियाणा में ग्रुप-C की भर्ती सीईटी स्कोर के आधार पर होगी। सीईटी पास करने वाले उम्मीदवारों को पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। शॉर्ट लिस्टिंग पदों की संख्या के 10 गुना उम्मीदवारों को की जाएगी, जिन्हें फिर स्क्रीनिंग टेस्ट या स्किल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। 12. सवाल: अगर पदों से 10 गुना कैंडिडेट भर्ती में बुलाए तो बाकी CET पास करने वालों का क्या होगा?
जवाब: ग्रुप सी भर्ती के लिए कुल पदों की संख्या के 10 गुना अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा। इसके बाद जो सीईटी पास आउट दूसरे युवा हैं उन्हें सरकार 9000 रुपए प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता देगी। 13. सवाल: HSSC ने ऐलान किया था कि एग्जाम क्वालिफाई करने वाले को जिसका लिस्ट में नाम नहीं आएगा लेकिन इसे हर महीने 9 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसके लिए क्या क्राइटेरिया रहेगा। किस आधार पर उन केंडिडेट का चयन किया जाएगा।
जवाब: हरियाणा सरकार ने प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ा ऐलान कर चुकी है। नायब सरकार ने सीईटी पास युवाओं को दो वर्षों तक नौकरी न मिलने पर 9 हजार रुपए महीना की वित्तीय मदद देने का ऐलान किया है। हालांकि ये किन सीईटी पास बेरोजगार युवाओं को दिया जाएगा, इसका क्राइटेरिया अभी सरकार ने तय नहीं किया है। 14. सवाल: अब आगे क्या? अभी श्रेणी ठीक करने के लिए पोर्टल कब खुलेगा?
जवाब: CET एग्जाम के दौरान प्रदेशभर में निरीक्षण पर निकले HSSC चेयरमैन हिम्मत सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि पेपर के बाद आयोग पोर्टल खोलेगा ताकि अभ्यर्थी अपनी जाति-वर्ग से संबंधित कैटेगरी में जरूरी अपडेट कर सकें। हालांकि पोर्टल खुलने की तारीख घोषित नहीं की है। 15. सवाल: कैटेगरी ठीक होने के बाद रिजल्ट कब तक आएगा?
जवाब: चेयरमैन हिम्मत सिंह ने कहा कि पोर्टल पर कैटेगरी अपडेशन का काम पूरा होने के करीब 15 दिन में रिजल्ट घोषित किया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 15 दिन में पोर्टल पर कैटेगरी अपडेशन से जुड़ा प्रोसेस पूरा हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *