हरियाणा में ठंड की दस्तक, रात का तापमान गिरना:नारनौल में 3 दिन में 10 डिग्री तक गिरा पारा; उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर

पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों की तरफ दिखने लगा है। इसके कारण रात में तापमान गिर रहा है। वहीं दिन में अच्छी धूप खिलने से तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। हरियाणा में 8 अक्टूबर से उत्तर-पश्चिमी हवाओं का दौर शुरू हुआ था। आने वाले दिनों में यह हवाएं और मजबूत होगी और दिन में भी तापमान कम होने लगेगा। हालांकि, अभी इसके लिए दिवाली तक इंतजार करना पड़ेगा। बता दें कि हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के कारण अक्टूबर के 9 दिनों में करीब 29.2 एमएम बारिश को चुकी है। इससे पहले 2004 में पूरे अक्टूबर महीने में 58.4 एमएम बारिश हुई थी। बारिश के कारण हरियाणा के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। दक्षिण हरियाणा के नारनौल जिले में अधिकतम तापमान लगातार तीसरे दिन भी 10 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, रोहतक में तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री कम चल रहा है। रात्रि तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। गुरुग्राम और हिसार रात में सबसे ठंडे बने हुए हैं। हिसार में रात्रि तापमान 17.8 और गुरुग्राम में सबसे कम 17.7 डिग्री दर्ज किया गया। 14 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम, विशेषज्ञ ने बताया
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के आगे जाने के बाद आज 9 अक्टूबर से 14 अक्टूबर के दौरान मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान मौसम साफ रहने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान हवाओं में फिर से बदलाव उत्तर और उत्तर पश्चिमी होने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *