अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर डेराबस्सी फ्लाईओवर से पहले एक अज्ञात कार की चपेट में आने से बाइक चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे चंडीगढ़ के जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। जांच अधिकारी एएसआई सतवीर ने बताया कि मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिला निवासी 23 वर्षीय गोलू के रूप में हुई है। वह लैहली में नाहर फैक्ट्री में हेल्पर के तौर पर कार्यरत था। गोलू साथी सूर्या के साथ नाहर फैक्ट्री से बाइक पर डेराबस्सी आ रहा था, तभी डेराबस्सी फ्लाईओवर से पहले एक कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट लगने से मौत टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे गोलू के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूर्या भी इस हादसे में जख्मी हो गया। दोनों को तत्काल डेराबस्सी सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गोलू को मृत घोषित कर दिया। सूर्या को जीएमसीएच, चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। हरियाणा नंबर की कार से हुआ हादसा हादसे के बाद हरियाणा नंबर की कार का चालक फरार हो गया। डेराबस्सी पुलिस ने गोलू के शव फिलहाल अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। गोलू के परिजन रविवार रात डेराबस्सी पहुंचे हैं। पुलिस उनके बयान दर्ज कर सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराएगी और कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।