झांसी में शादी के 6 महीने बाद लैब टेक्नीशियन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह एक नर्सिंग होम में जॉब करता था। शुक्रवार को 75 किलोमीटर दूर पैतृक गांव में उसका शव पेड़ पर लटका मिला। वह गांव कब आया, इसके बारे में माता-पिता को कोई जानकारी नहीं है। परिजनों ने हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सुसाइड का मामला लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पूरा मामला एरच थाना क्षेत्र के अचौसा गांव का है। 5 साल से झांसी में रह रहा था युवक मृतक का नाम नीरज प्रजापति (27) पुत्र धनीराम प्रजापति था। वह एरच के अचौसा गांव का रहने वाला था। पिता धनीराम ने बताया- मेरा बेटा पिछले 5 साल से झांसी में रह रहा था। वो एक नर्सिंग होम में लैब टेक्नीशियन के पद पर तैनात था। गुरुवार रात को जब उससे बात हुई तो वह झांसी में अपने कमरे पर था और अच्छे से बात कर रहा था। शुक्रवार को गांव के लोग खेत पर काम करने पहुंचे। तब उनको पेड़ पर एक युवक की लाश फंदे पर लटकी दिखाई दी। पास जाकर देखा तो नीरज का शव लटका था। यह देख वहां सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर डीएसपी दीपशिखा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर छानबीन की। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया पुलिस को नीरज का मोबाइल भी मौके से बरामद हो गया। सूचना पर नीरज के माता-पिता भी मौके पर आ गए और बेटे के शव को देखकर बिलखने लगे। पिता और अन्य परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पिता का कहना है कि नीरज ने गांव आने की कोई बात नहीं कही थी। पत्नी का रो-रोकर बेहोश हुई नीरज की मौत के बाद घर में मातम छाया है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। 6 माह पहले ही नीरज की शादी पूजा से हुई थी। पत्नी पूजा अभी ससुराल में है। नीरज छुट्टी मिलने पर गांव आता था। उसकी मौत की खबर सुनते ही पत्नी पूजा होश खो बैठी। रो-रोकर वह बेहोश हो गई। कुछ देर बाद ही उसके मायके से भी लोग यहां पहुंच गए। नीरज की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा है। सुसाइड का मामला लग रहा है गरौठा सीओ आसमा वकार का कहना है कि प्रारंभिक छानबीन में सुसाइड की बात ही सामने आई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। उसकी रिपोर्ट के आधार पर ही मौत की सही वजह मालूम चल सकेगी।