गोरखपुर में मायके आई एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घर के ही बाथरूम में उसका खून से सना शव मिला। इससे घर में चीख पुकार मच गई। पूरे गांव के लोग इकट्ठा हो गए। वह मायके में अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने आई थी। शादी वाली रात यह वारदात हुई है। यह घटना झंगहा थाना क्षेत्र के जंगल-रसूलपुर की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। डॉग स्कॉवयड भी पड़ताल कर रहा है। अब जानिए पूरा मामला… झंगहा थाना क्षेत्र के जंगल रसूलपुर नंबर 2 लक्ष्मीपुर की नोहरी देवी के पति का 10 साल पहले निधन हो चुका है। उनकी तीन बेटियां और एक बेटा है। मंझली बेटी शिवानी निषाद (20) की आठ महीने पहले शादी हुई थी। उसकी ससुराल देवरिया के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के अवस्थी गांव में है। पति भीम निषाद पेंटिंग का काम करता है। शादी के बाद से ही शिवानी ससुराल में रह रही थी। 23 नवंबर को उसके ताऊ की बेटी की शादी थी। उसी में शामिल होने के लिए वह दो दिन पहले 21 नवंबर को मायके आई थी। ताऊ का घर उसके घर के बगल में ही है। रात करीब 2 बजे शादी की रस्में हो रही थीं। इस बीच शिवानी वहां से अपने घर चली गई। देर तक वह वापस शादी में नहीं आई तो उसकी मां नोहरी देवी ने उसे तलाशा। वह शादी वाली जगह पर नहीं मिली। बेटी की तलाश करते हुए मां नोहरी देवी अपने घर पहुंचीं। बगल में स्थित अपने घर पर गईं तो वहां भी शिवानी नहीं दिखी। इसके बाद वह बाथरूम में गईं तो वहां खून से सनी लाश शिवानी की पड़ी थी। बेटी की लाश देखकर उनके मुंह से चीख निकल गई। उनके रोने की आवाज सुनकर परिवार के लोग और रिश्तेदार वहां पहुंचे। उसकी लाश देखकर शादी के घर में मातम पसर गया। महिलाएं रोने लगीं। मायके से उसके पति को सूचना दी गई। सुबह होते-होते ससुराल के लोग और पति भीम निषाद भी पहुंच गया। जानकारी मिलने पर पुलिस की टीम भी वहां पहुंची। पुलिस हर पहलुओं की गंभीरता से जांच पड़ताल कर रही है। पड़ताल के लिए डॉग स्कवायड की भी मदद ली गई है। झंगहा थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि हत्या की वजह अभी पता नहीं चल पाई है। पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है।