लुधियाना जिले के हलवारा इलाके में नशे की ओवरडोज से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बोपाराय कलां निवासी गगनदीप सिंह उर्फ गगन के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि गगन के दो दोस्तों ने उसे नशे का इंजेक्शन दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई। गगन के भाई जसदीप सिंह जस्सा और स्थानीय कारोबारी गैरी सहौली ने कहा कि जब तक दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज नहीं किया जाता, तब तक वे पोस्टमॉर्टम नहीं कराएंगे और अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। अमेरिका में रहते हैं मृतक के माता-पिता मृतक युवक गगनदीप सिंह उर्फ गगन के माता-पिता अमेरिका में रहते हैं। उन्हें मामले की जानकारी दे दी गई है, जिसके बाद वह भारत लौट रहे हैं। गगन का शव फिलहाल बोपाराय कलां के मुर्दाघर में रखा गया है। शिकायत के अनुसार, मंगलवार की शाम गगन अपने गांव के दो दोस्तों के साथ बाइक पर गया था। देर शाम दोनों दोस्त उसे घर के मुख्य गेट पर गंभीर हालत में छोड़कर भाग गए। गगन लगातार उल्टियां कर रहा था। गगन ने अपने परिजनों को बताया था कि उसके दोस्तों ने उसे नशे का अधिक मात्रा का इंजेक्शन लगाया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। कुछ समय बाद जाना था अमेरिका गगन विवाहित था और कुछ ही समय में अपने माता-पिता के पास अमेरिका जाने वाला था। अमेरिका जाने की प्रक्रिया के कारण दंपती ने शादी के पांच साल बाद भी बच्चा प्लान नहीं किया था। गगन का परिवार खेल प्रोत्साहन, उच्च नस्ल के कुत्तों और ब्रांडेड रेडीमेड कपड़ों के कारोबार के लिए जाना जाता है। पोस्टमॉर्टम के बाद पता चलेगा मौत का असल कारण- SHO गुरदीप सिंह थाना सुधार के SHO गुरदीप सिंह ने बताया कि मृतक को उल्टियां आने के बाद अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि मौत का असली कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। मृतक के भाई ने पुलिस को दो लोगों के नाम बताए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।