कैथल शहर के लोगों को अब जल्द ही सब्जी मंडी, कबूतर चौक और शहीद भगत सिंह चौक के पास लगने वाले जाम से छुटकारा मिलेगा। मार्केटिंग बोर्ड शहर की सब्जी मंडी को जींद रोड स्थित अतिरिक्त अनाज मंडी में शिफ्ट करेगा। इसके लिए बोर्ड की ओर से टैंडर जारी किया गया है। मंडी बनाने का कार्य भी शुरू किया जा चुका है। पहले एक एकड़ में है सब्जी मंडी शहर में जो पुरानी सब्जी मंडी है। वह काफी तंग है। करीब एक एकड़ में यह मंडी बनी हुई है। दूसरा यह शहर के बीचों-बीच है, जिससे शहर में जाम की स्थिति बनी रहती है। अब इसे शहर की अतिरिक्त अनाज मंडी में ही शिफ्ट किया जाएगा। यह करीब 11 एकड़ में बनेगी। पहले फेज में इसे छह एकड़ में बनाया जाएगा, जिसका टैंडर हो चुका है और काम चल रहा है। शैड व सड़कें बनेंगी मार्केटिंग बोर्ड कैथल के एक्सईएन सतपाल सिंह ने बताया कि नई बनने वाली मंडी में शुरुआत में एक फड़ बनाया जाएगा, जिसके ऊपर शैड भी बनाए जाएंगे। जो आंतरिक सड़कें हैं, वे भी सभी बनाई जाएंगी। इसके अलावा दुकानें और मंडी में काम के लिए आने वाले लोगों की सुविधा को देखते हुए अन्य प्रबंध किए जाएंगे। इस कार्य को अगले करीब छह महीने में पूरा कर लिया जाएगा। नई बनने वाली मंडी में दीवारें बनाने, मिट्टी भराई और रास्ते बनाने का कार्य जारी है। मौजूदा मंडी में रहता है जाम बता दें कि इस समय शहर की सब्जी मंडी कबूतर चौक के पास है, जो शहर का काफी व्यस्त क्षेत्र है। रोजाना हजाराें की संख्या में लोगों और वाहनों की यहां से आवाजाही होती है। इससे शहर में जाम की स्थिति बनी रहती है। शादियों और त्योहारों के सीजन में यहां भीड़ इतनी ज्यादा हो जाती है कि आधे आधे घंटे तक जाम लगा रहता है। अब मंडी बाहर जाने से लोगों को काफी लाभ होगा।