बिहार विधानसभा चुनाव के बाद चिराग पासवान अब असम और बंगाल में चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। पार्टी में फूट के सवाल पर उपेंद्र कुशवाहा ने चुप्पी साध ली है। बेटे को मंत्री बनाए जाने के बाद से उनके 3 विधायक नाराज चल रहे हैं। जानिए बिहार की सियासत से जुड़ी खबरें…. बंगाल और असम में चुनाव लड़ेगी चिराग की पार्टी चिराग पासवान ने खगड़िया सांसद राजेश वर्मा को पश्चिम बंगाल और असम में लोजपा रामविलास का विधानसभा चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। चिराग दोनों राज्यों के चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी में हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की नजर अब पश्चिम बंगाल और असम में होने वाले विधानसभा चुनाव पर है। राजनीतिक गलियारों में ऐसी चर्चा है कि लोजपा-रामविलास इन दोनों राज्यों में कुछ सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है। इसे लेकर चिराग पासवान ने दोनों राज्यों में अपनी पार्टी के प्रभारी की भी नियुक्ति भी कर दी है। पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा को दी गई है। लोजपा (रामविलास) के प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक ने इससे संबंधित पत्र जारी किया है। यह कहा गया है कि यह नियुक्ति संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। वही लोजपा-आर के पश्चिम बंगाल और असम के चुनाव प्रभारी बनाए जाने पर राजेश वर्मा ने चिराग पासवान का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि वह उनके मार्गदर्शन में संगठन को और अधिक सशक्त करने तथा पार्टी के बेहतर प्रदर्शन को सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध रहेंगे। पार्टी में टूट पर उपेंद्र कुशवाहा ने साधी चुप्पी RLM सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा ने पार्टी में टूट को लेकर सवाल पर चुप्पी साध लिया। उन्होंने उल्टे पत्रकारों से कहा कि ‘आपके पास कोई मुद्दा ही नहीं है, कोई सवाल ही नहीं है। ये कोई सवाल थोड़े है। कोई सवाल हो तो न जवाब देंगे। सो, उठ के चले आए हैं।’ माना जा रहा है कि इन दिनों उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनाए जाने के बाद से 3 विधायक नाराज हैं। तीनों विधायक BJP के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से मिलने गए, लेकिन उपेंद्र कुशवाहा के लिट्टी चोखा भोज में नहीं पहुंचे। इससे कई तरह के राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं। उपेंद्र कुशवाहा को आपत्ति नहीं होनी चाहिए- मांझी राज्यसभा सीट की दावेदारी को लेकर उठे सियासी विवाद के बीच जीतन राम मांझी ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता उपेंद्र कुशवाहा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, उपेंद्र कुशवाहा एक अनुभवी और मंजे हुए राजनीतिक नेता हैं, ऐसे में उन्हें इस मुद्दे पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए। खेसारी लाल बोले- इंसान से चुनाव जीत सकते हैं, मशीन से नहीं भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव ने चुनाव में मिली हार पर कहा है कि कोई भी आदमी से जीत सकता है मशीन से नहीं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है, जिसमें वो कह रहे हैं कि मुझे राजनीति करनी नहीं आती है। मैं राजनीति में आना ही नहीं चाहता था, लेकिन परिस्थितियां ऐसी बनी कि उन्हें चुनाव लड़ना पड़ा। इस चुनाव में यह भी पता चला कि कौन उनका अपना है।
बता दें कि खेसारी लाल ने छपरा सीट से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ा था। जिसमें वो बीजेपी उम्मीदवार छोटी कुमारी से 8000 वोटों से हार गए। छपरा सीट बिहार की कुछ हॉट सीटों में से एक थी। मशीन से नहीं जीत सकते बयान को EVM से जोड़ा जा रहा है। चर्चा है कि खेसारी लाल यादव हार का ठीकरा EVM पर फोड़ने लगे हैं। बिहार की सियासत से जुड़ी खबरों के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…