हरियाणा में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग की ओर से आज ( 27 दिसंबर को) पूरे प्रदेश के लिए ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश के कुछ इलाकों में गहरे कोहरे की संभावना भी जताई गई है। हालांकि दिन के समय धूप निकलने की उम्मीद है, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। प्रदेश में सुबह के समय ठंड का असर अधिक देखने को मिल रहा है। खासतौर पर जीटी रोड से सटे जिलों में घना कोहरा छाने के कारण ठंड का डबल अटैक महसूस किया जा रहा है। वहीं दक्षिणी हरियाणा में सूखी ठंड पड़ रही है, जिससे लोगों को ज्यादा ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, नारनौल का न्यूनतम तापमान प्रदेश में सबसे कम 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं पलवल का अधिकतम तापमान सबसे अधिक 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। 31 दिसंबर तक चलेगा शीतलहर मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में कोहरे के साथ-साथ शीत लहर भी चलेगी। जिसके कारण ठंड का असर लोगों को दिन में भी दिखाई देगा। हालांकि शीत लहर की वजह से दिन में कोहरा जल्दी छंट जाएगा। चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष चौ. चरण सिंह के अनुसार, हरियाणा में 31 दिसंबर तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील संभावित। इस दौरान 28 से 30 दिसंबर के बीच में ठंड और बढ़ने की संभावना है। लेकिन 31 दिसंबर के बाद उत्तर व उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं चलने से विशेषकर रात्रि तापमान में फिर से गिरावट संभावित।