कांगड़ा जिले की नूरपुर पुलिस को चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पेशेवर ढंग से कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी पवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने के गहने बरामद किए। यह गिरफ्तारी 26 दिसंबर, 2025 को भदरोया से हुई। यह मामला 12 दिसंबर, 2025 को थाना रैहन में दर्ज किया गया था। गांव व थाना रैहन, तहसील फतेहपुर जिला कांगड़ा निवासी ललिता चंबियाल पत्नी जोगिंदर सिंह ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनके घर से सोने के गहने चोरी हो गए हैं। मामला संख्या 97/25, धारा 331 (C) व 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान, नूरपुर पुलिस ने सबूतों की गहन जांच और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने वांछित आरोपी पवन कुमार पुत्र विनोद वावा, निवासी नजदीक शिव मंदिर श्मशानघाट, जुगियाल, शाहपुर, पठानकोट (पंजाब) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान, आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के गहने भी बरामद कर लिए गए।