पलवल जिले में दहेज में ब्रेजा कार न मिलने पर एक विवाहिता को कथित तौर पर मारपीट कर तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने पति सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला थाना प्रभारी सीमा के अनुसार, खिल्लुका गांव निवासी आईशा ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 21 नवंबर 2024 को राजस्थान के अलवर निवासी अनीश खान से हुई थी। शादी में उसके पिता ने करीब 25 लाख रुपये खर्च किए थे। आईशा का आरोप है कि शादी के दो दिन बाद ही ससुराल वालों ने दहेज कम होने का ताना देना शुरू कर दिया। वे ब्रेजा कार की मांग को लेकर उससे मारपीट करते थे। राख और हड्डियों का पानी पिलाने का आरोप पीड़िता ने यह भी बताया कि उसकी सास और पति ने उसे वश में करने के लिए जबरन श्मशान घाट की राख और हड्डियों को पानी में मिलाकर पिला दिया था। इसके बावजूद उसने अपनी शादीशुदा जिंदगी बचाने की कोशिश की। पिता ने दिए दो लाख रुपये, फिर भी नहीं रुके अत्याचार आईशा के अनुसार, उसके पिता ने ससुराल पक्ष को दो लाख रुपये दिए ताकि विवाद खत्म हो जाए, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और ब्रेजा कार की मांग को लेकर उसे लगातार परेशान करते रहे। तीन तलाक देकर घर से निकाला एक दिन आरोपियों ने आईशा के साथ फिर मारपीट की। इसके बाद उसके पति अनीश खान ने उसे तीन बार ‘तलाक-तलाक-तलाक’ कहकर तीन तलाक दे दिया और उसे हथीन में छोड़कर चला गया। पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। पंचायतों से भी नहीं निकला समाधान परिजनों ने कई बार पंचायतें कीं, लेकिन ससुराल पक्ष अपनी मांगों पर अड़ा रहा। आखिरकार पीड़िता ने महिला थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और न्याय की गुहार लगाई। चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज महिला थाना पुलिस ने पति अनीश खान, सास फईमन, हमदुना और आबिद के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।