पंचकूला नगर निगम चुनाव में कांग्रेस का सिंबल चाहने वालों में उत्सुकता दिखाई दे रही है। कांग्रेस पार्टी ने मेयर-पार्षद चुनाव के लिए वर्करों से बॉयोडेटा मांगे हैं। जिसके लिए 5 फरवरी को अंतिम डेट तय की गई है। हालांकि अभी तक चुनाव आयोग की ओर से तारीखों का ऐलान भी नहीं किया गया है। कांग्रेस संगठन बनने के बाद पहली बार ऐसा हो रहा है, जब कांग्रेस ग्राउंड पर सक्रिय नजर आ रही है। पहले हुए निगम चुनावों में तो कांग्रेस के द्वारा इस प्रकार की प्रक्रिया नहीं अपनाई गई बल्कि टिकट वितरण में भी देरी हुई थी। जिसका खामियाजा कांग्रेस का भुगतना पड़ा था। लेकिन कांग्रेस इस बार चुनाव को लेकर BJP से भी ज्यादा सीरियस नजर आ रही है। शैलजा के करीबी ने किया नामांकन कांग्रेस पार्टी में मेयर के लिए अभी तक एक आवेदन आया है। जो सिरसा लोकसभा सांसद कुमारी शैलजा के करीबी माने जाने वाले वकील राजसिंह चौहान ने किया है। शैलजा के लोकसभा चुनाव के दौरान चौहान उनके चुनाव का प्रबंधन पंचकूला में संभालते रहे हैं। पंचकूला के सेक्टर-20 में रहने वाले चौहान करीब 68 साल के हो चुके हैं। पार्षद के लिए आए हैं 19 आवेदन पंचकूला नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी जिलाध्यक्ष संजय चौहान के पास अब तक करीब 19 वर्कर पार्षद के लिए दावेदारी जता चुके हैं। वार्ड आठ से सबसे अधिक 5 आवेदन अभी तक आए हैं। हालांकि अभी तक कांग्रेस के किसी भी पूर्व पार्षद ने आवेदन नहीं किया है। बताया जा रहा है कि अंतिम दिन ही पूर्व पार्षद अपना बॉयोडेटा जिला प्रधान को सौंपेंगे। चल रही है प्रक्रिया : चौहान कांग्रेस जिला प्रधान संजय चौहान ने बताया कि टिकट चाहने वाले वर्करों से बॉयोडेटा लिए जा रहे हैं। जिसकी अंतिम डेट 5 फरवरी है। पार्टी वर्कर चुनाव को लेकर उत्साह दिखा रहे हैं। 3 दिन में करीब 20 बॉयोडेटा आ चुके हैं। अभी प्रक्रिया जारी है, चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है।